May 19, 2024

कटारिया वायर्स में टूलडाउन,हडताल की चेतावनी

बोनस की मांग को लेकर कर्मचारियों ने शुरु किया विरोध,प्रबन्धन ने बुलाए बदमाश
रतलाम,३ अगस्त(इ खबरटुडे)। औद्योगिक क्षेत्र स्थित कटारिया वायर्स के कर्मचारियों ने बोनस की मांग को लेकर आज सुबह से फैक्ट्री में टूल डाउन कर दिया है। कर्मचारियों ने प्रबन्धन को चेतावनी दी है कि यदि जल्दी ही उनकी मांग पर निर्णय नहीं किया गया तो वे पूरी तरह काम बन्द कर फैक्ट्री से बाहर आ जाएंगे और अनिश्चित कालीन हडताल कर देंगे। दूसरी ओर प्रबन्धन ने श्रमिकों को डराने के लिए कुछ बदमाशों को भी बुलवाया है।

इ खबर टुडे को मिली जानकारी के अनुसार,शहर के बडे औद्योगिक समूह डीपी कटारिया द्वारा विभिन्न नामों से चलाए जा रहे उद्योगों में श्रमिक व कर्मचारियों का शोषण सामान्य बात है। इन उद्योगों में श्रमिक कर्मचारियों को कम वेतन और बिना सुविधाओं के काम करवाया जाना सामान्य प्रक्रिया है। श्रमिकों के हित में बनाए गए कानूनों को उक्त समूह द्वारा कभी कोई महत्व नहीं दिया जाता है। यह भी उल्लेखनीय है कि श्रमिकों की मेहनत के बल पर उद्योग बडी कमाई कर रहे हैं लेकिन श्रमिक कर्मचारियों को उनका वाजिब हक भी नहीं दिया जा रहा है। पिछले बीस सालों से कर्मचारियों का शोषण बदस्तूर जारी है। कुछ माह पूर्व ही काम के दौरान हुई एक दुर्घटना में यहां के एक श्रमिक की मौत हो गई थी। फैक्ट्री मालिकों ने उक्त कर्मचारी को मुआवजा देने से साप इंकार कर दिया था। नाराज मजदूरों ने मृत श्रमिक का शव कटारिया परिवार के घास बाजार स्थित घर के बाहर रख कर प्रदर्शन किया था,तब कहीं जाकर मृत श्रमिक के परिजनों को कुछ राशि मिल सकी थी।
बोनस व अन्य मांगों को लेकर यहां के कर्मचारी लम्बे समय से प्रयासरत रहे है। आज सुबह डीपी कटारिया इण्डस्ट्रीज के सभी कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर टूलडाउन कर दिया है। फैक्ट्री में कामकाज पूरी तरह ठप्प है। श्रमिक कर्मचारियों का कहना है कि यदि उनकी मांगे न मानी गई तो वे अनिश्चितकालीन हडताल कर देंगे।
उधर दूसरी ओर फैक्ट्री प्रबन्धन,श्रमिकों को दबाने के पुराने हथकण्डे अपना रहा है। आन्दोलन कर रहे श्रमिकों ने इ खबरटुडे को बताया कि प्रबन्धन ने टूल डाउन की जानकारी मिलते ही श्रमिकों को डराने धमकाने के लिए शहर के कुछ हिस्ट्रीशीटर और नामचीन बदमाशों को फैक्ट्री में बुलवा लिया है। इसके साथ ही हथियारबन्द सुरक्षाकर्मी भी तैनात कर दिए है। पुलिस को भी सूचना दे दी गई है,और कुछ पुलिस वाहन फैक्ट्री परिसर में पंहुच गए थे।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds