May 20, 2024

अतिवृष्टि पीड़ितों को तुरन्त दें सहायता

बैठक में कलेक्टर ने दिये राजस्व अधिकारियों को निर्देश

उज्जैन 20 जुलाई( इ खबरटुडे)। उज्जैन जिले में जिन-जिन स्थानों पर अतिवृष्टि से जन, धन, पशु अथवा सम्पत्ति की हानि हुई है, वहां-वहां तुरन्त पीड़ितों को तात्कालिक सहायता उपलब्ध कराई जाये तथा नुकसानी का सर्वे करवाकर आर.बी.सी. 6/4 के प्रावधानों के तहत मुआवजा राशि वितरित की जाए।

      कलेक्टर  कवीन्द्र कियावत ने आज सोमवार को बृहस्पति भवन में आयोजित बैठक में राजस्व अधिकारियों को ये निर्देश दिये। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री रुचिका चौहान, ए.डी.एम. अवधेश शर्मा, एस डी एम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित सभी राजस्व अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में वी सी के माध्यम से जिले के अन्य तहसीलों के राजस्व अधिकारी भी शामिल हुए।

तुरन्त प्रारंभ करें सर्वे

      कलेक्टर ने निर्देश दिये कि राजस्व अधिकारी बारिश से नुकसानी का सर्वे दल बनाकर तुरन्त प्रारंभ कर दें। सर्वे पूर्ण उदारतापूर्वक तथा मानवीय दृष्टिकोण से किया जाये। कार्य पूर्ण पारदर्शी हो तथा राजस्व अधिकारी बिना किसी दबाव अथवा प्रलोभन के कार्य करें। सर्वे के दौरान किसी का आतिथ्य अथवा स्वागत स्वीकार न किया जाए। सर्वे के दौरान पंचनामा बनायें तथा फोटो लें। पीड़ित परिवार के मुखिया का खाता क्रमांक अवश्य लिया जाए। यथा संभव एक वार्ड अथवा एक ग्राम का एक सामूहिक प्रकरण बनाया जाए।

पानी घुसा नुकसान हुआ तो मुआवजा

      सम्पत्ति की हानि के विषय में कलेक्टर ने बताया कि किसी व्यक्ति के मकान में बारिश का पानी घुसा और नुकसान हुआ हो तो उसे मुआवजा दिया जाए। दुकान सह मकान क्षतिग्रस्त होने पर भी मुआवजा दिया जाए।

यह मिलेगी तात्कालिक सहायता

      कलेक्टर ने बताया कि बारिश से प्रभावित  को शासन के नियमानुसार 5 हजार रुपये की तात्कालिक सहायता तुरन्त दी जाए। इसी के साथ ही प्रति परिवार 5 लीटर केरोसीन तथा 50 किलो अनाज प्रदाय किया जाए। एक राशन कार्ड को एक इकाई माना जाए।

आंशिक व पूर्ण क्षति

      कलेक्टर ने बताया कि यदि मकान की एक दीवार या शौचालय क्षतिग्रस्त हो तो उसे आंशिक क्षति मानकर मुलावजा दिया जाए। छत गिरने पर पूर्ण क्षति मानकर मुआवजा दिया जाए।

सात दिन में हो जाएगा सर्वे

      सर्वे के संबंध में पूछे जाने पर राजस्व अधिकारियों ने बताया कि उज्जैन नगर के सभी 54 वार्डो में सर्वे का काम एक सप्ताह में पूर्ण कर लिया जाएगा।

उज्जैन, नागदा, खाचरौद में अधिक नुकसान

      कलेक्टर ने बताया कि अतिवृष्टि से उज्जैन नगर, नागदा एवं खाचरौद में सम्पत्ति का अधिक नुकसान हुआ है। जिले में केवल बड़नगर से जनहानि का समाचार है। पशु हानि का कहीं से समाचार नहीं है।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds