हरियाणा में अब लू चलने का समय, 12 जिलों के लिए चेतावनी जारी
हरियाणा में दो दिन मौसम परिवर्तन के कारण तापमान में काफी कमी आ गई थी। इस दौरान तेज हवाएं, आंधी, तूफान, बारिश और कुछ स्थानों पर हुई ओलावृष्टि के कारण अधिकतम न्यूनतम तापमान में 8 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ गई थी, लेकिन अब फिर से तापमान बढ़ने लग गया है। मौसम विभाग ने 16 अप्रैल से हरियाणा में लू के लिए चेतावनी जारी की है। इसके अलावा 12 जिलों को विशेष रूप से सावधानी बरतने को कहा गया है।
मौसम विभाग की तरफ से कहा गया है कि सिरसा, फतेहाबाद, हिसार समेत प्रदेश के 12 जिलों में 16 अप्रैल से लू चल सकती हैं। एक बार फिर से हरियाणा में गर्म मौसम आ सकता है। अब तक बारिश के कारण तापमान में जो कमी आई थी, वह 16 अप्रैल के बाद फिर तापमान बढ़ने से परेशानी में डाल सकती है। अप्रैल महीने का दूसरा पखवाड़ा शुरू हो गया है। ऐसे में प्रदेश के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री को पार कर सकता है। यदि हम पहले पखवाड़े की बात करें तो इसमें तापमान तीन दिन तक औसतन से भी कम रहा है। अब एक बार फिर से तापमान बढ़ने लग गया है।
लू के थपेड़े करेंगे परेशान
मौसम विभाग के अनुसार 16 अप्रैल से सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, फरीदाबाद, गुरुग्राम, जींद, मेवात, झज्जर, पलवल में लू के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर जाएगा। वहीं 17 अप्रैल को मौसम में यही स्थिति रहेगी। उसके बाद हवा की दिशा बदलने से हवा में नमी की मात्रा घट जाएगी और शुष्क हवाएं चलने से तापमान में फिर से वृद्धि होगी। इसके साथ-साथ रात के तापमान में भी वृद्धि देखने को मिलेगी। फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ की संभावना नहीं है। ऐसे में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। लू से पश्चिमी विक्षोभ की संभावना ही कुछ राहत दिला सकती है।