Hailstrom Alert: यूपी, बिहार में आंधी-तूफान का कहर, 70 से अधिक लोगों की हुई मौतें
Weather Update: देश में अचानक हुए मौसम में बदलाव के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के सक्रिय होने के चलते देश के कई राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी है। उत्तर प्रदेश और बिहार में हालात और भी खराब बने हुए हैं। जानकारी के अनुसार कल गुरुवार को उत्तर प्रदेश और बिहार राज्य में आंधी तूफान के कारण 70 से अधिक लोग अपनी जान गंवा बैठे हैं। मौसम की दोहरी मार से किसानों को भी काफी नुकसान हो रहा है।
वर्तमान में कई राज्यों में एक तरफ तेज गर्मी से लोग परेशान हो रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ आंधी-तूफान और बारिश के कहर से कई राज्यों में लोग अपनी जान से भी हाथ धो रहे हैं।
बिहार में गुरुवार को आंधी-तूफान की चपेट में आने से 59 लोगों की गई जानें
बिहार प्रदेश में कल गुरुवार को आंधी तूफान ने जमकर कहर ढाया। प्रदेश में 10 अप्रैल को आंधी-तूफान और ओलावृष्टि के कारण 59 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि इस आंकड़े में और भी बढ़ोतरी हो सकती है।
अकेले उत्तर प्रदेश और बिहारराज्य में ही 70 से अधिक लोगों की आंधी तूफान के चलते मौत हो गई है। बिहार के साथ उत्तर प्रदेश राज्य में भी कल तूफान की वजह से लोगों को भारी नुकसान हुआ है।
तेज रफ्तार से चली आंधी और ओलावृष्टि से किसानों की फसलें भी खेतों में चादर की तरह बिछ गई हैं।
आज भी कई राज्यों में मौसम विभाग ने दी तूफानी हवा चलने की चेतावनी
देश के कई राज्यों में आज भी खराब मौसम से लोगों को राहत नहीं मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार आज शुक्रवार को कई राज्यों में तेज रफ्तार से तूफानी हवाओं के साथ ओलावृष्टि होने की भी संभावना है।
इस दौरान कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश भी हो सकती है। तेज रफ्तार से चलने वाली हवाएं किसानों की गेहूं की फसलों में भी नुकसान पहुंचा सकती हैं।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार आज शुक्रवार को बिहार सहित झारखंड, ओडिशा, केरल, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, तमिलनाडु, असम, मेघालय और हरियाणा व पंजाब राज्य में अधिकतम 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से भी तूफानी हवा चल सकती है। इस दौरान कई राज्यों में तेज बारिश के साथ बिजली गिरने का अलर्ट भी जारी किया गया है।
राजस्थान की बाड़मेर में तापमान पहुंचा 44 डिग्री पार
देश में एक तरफ जहां कई प्रदेशों में बारिश और ओलावृष्टि होने की खबर आ रही है, वहीं राजस्थान प्रदेश में भीषण गर्मी ने लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। राजस्थान प्रदेश का बाड़मेर गुरुवार को देश में सबसे गर्म शहर रहा। बाड़मेर में गुरुवार 10 अप्रैल को अधिकतम तापमान 44.3°C दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने आज भी राजस्थान और गुजरात सहित कई राज्यों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई है। इसके अलावा आज भी हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, महाराष्ट्र, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और बिहार में भी आज अधिकतम तापमान 35°C से ऊपर रहने की आशंका जताई गई है।

