हरियाणा के 10 जिलों में वर्षा पानी, गर्मी से राहत, 22 जून तक ऐसा ही रहेगा मौसम, देखें कल कैसा रहेगा आपके जिले में मौसम
पश्चिमी विक्षोभ के असर से आज हरियाणा के 10 जिलों में कहीं-कहीं तेज हवा के साथ बूंदाबांदी या बारिश हुई। रोहतक में सबसे ज्यादा 17 और सोनीपत में 14 मिलीमीटर पानी बरसा।
कुछ जगह आंधी के कारण पेड़ और बिजली के खंभे भी गिर गए। गुरुग्राम में 15 खंभे टूटने से बिजली सप्लाई 5 घंटे तक प्रभावित रही। बारिश से गर्मी से बड़ी राहत मिली है। रोहतक में दिन का तापमान 12 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 34.6 डिग्री पर आ गया। नारनौल में यह 7 डिग्री कम होकर 38.5 डिग्री रहा। दिन का पारा सोनीपत में सबसे कम 30.2 और सिरसा में सबसे ज्यादा 41.4 डिग्री दर्ज किया गया। शनिवार-रविवार की रात तापमान 1.6 डिग्री बढ़कर सामान्य से 5.5 डिग्री ज्यादा हो गया। यह हिसार में सर्वाधिक 31.7 और सोनीपत में सबसे कम 24.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश में 21 जून तक ऐसा ही मौसम रहने के आसार हैं। इस दौरान बीच-बीच में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से धूलभरी हवाएं चल सकती हैं। साथ ही कहीं-कहीं बूंदाबांदी या बारिश भी हो सकती है। इससे तापमान में 3-4 डिग्री की कमी आ सकती है। बता दें कि हरियाणा में 1 से 15 जून तक 8.1 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो सामान्य से 53 फीसदी कम है। इस अवधि में 17.2 मिलीमीटर बारिश सामान्य मानी जाती है।
आज सिरसा के भी कुछ हिस्सों में बारिश हुई
आगे क्याः 3 दिन में यूपी में दाखिल होगा मानसून, फिर हरियाणा आएगा
मौसम विभाग के अनुसार, 16 जून को भी कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। 17 को बूंदाबांदी के आसार हैं। 19 से 21 जून तक अधिकतर इलाकों में बारिश की संभावना है। अगले तीन दिन में मानसून झारखंड, बिहार, पूर्वी यूपी तक पहुंचने की संभावना है। इसके बाद हरियाणा भी पहुंच सकता है।
आज कहां कितना बरसात पानी
रोहतक। 17
सोनीपत। 14
जींद। 10
हिसार। 2.3
फरीदाबाद 2.3
झज्जर। 2
अम्बाला 1.0
कुरुक्षेत्र 0.8
पानीपत 0.5
कैथल। 0.4