हरियाणा में आज और कल भारी बारिश का अलर्ट, सिरसा में घग्गर का तटबंध टूटा
हरियाणा में मानसून फिर सक्रिय,नौ जुलाई तक प्रदेश में झमाझम बारिश होगी। वहीं, रविवार व सोमवार को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, छह व सात जुलाई को यमुनानगर, अंबाला, पंचकूला, करनाल, कुरुक्षेत्र व कैथल में 12 सेंटीमीटर व इससे अधिक बारिश होने की संभावना है। पूर्वी जिलों में भी मध्यम स्तर की बारिश होगी।
भारी बारिश के इस अलर्ट ने घग्गर, यमुना, टांगरी, सोम व मारकंडा समेत अन्य नदियों के आसपास गांवों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है। उनको तटबंध टूटने व फसलें खराब होने का डर है। दो साल पहले इन्हीं नदियों ने हरियाणा के कई जिलों में तबाही मचाई थी।
इस बीच, सिरसा के गांव खारियां और धोतड़ के बीच निकलने वाली घग्गर की सदेवा खरीफ चैनल का तटबंध शनिवार सुबह सवा चार बजे टूट गया। इस दौरान वहां से जा रहे दो युवक तटबंध और सड़क तोड़कर बहते पानी में गिर गए, जिसमें से एक की मौत हो गई और दूसरा जख्मी है। दोनों गांव चौटाला से धोतड़ जा रहे थे। उनकी पहचान बाइक चालक धोतड़ निवासी संदीप कुमार व उनके बहनोई सुखदेव के रूप में हुई। वह पानी में तैरकर पटरी तक बड़ी मुश्किल से पहुंचा। उसका पैर टूट गया और सिर पर चोट आई है। वहीं, तटबंध टूटने से 250 एकड़ धान, 40 एकड़ बाग के अलावा कपास के खेतों में तीन से चार फीट तक पानी भर गया। घग्गर ड्रेन तीन दिन में दूसरी बार टूटी है।
घटना के बाद टूटे तटबंध का जायजा लेने आए जेई और बेलदार ग्रामीणों का गुस्सा देखकर भाग गए। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक
संदीप कुमार नागरिक अस्पताल में एचकेआरएन के तहत सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत था। उसे शनिवार को ड्यूटी पर आना था, इसलिए अलसुबह ही चौटाला से रवाना हुआ था।
उधर, पहाड़ों पर बारिश से यमुना के जलस्तर में वृद्धि हो रही है। पिछले महीने 1,600 के न्यूनतम स्तर पर बह रही यमुना में शनिवार को अधिकतम 28,859 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया। हथिनीकुंड बैराज के रिकॉर्ड के अनुसार शनिवार को यमुना में शाम छह बजे 24,411 क्यूसेक पानी रहा।
अब तक 89.6 एमएम बारिश, सामान्य से 25% अधिक
हरियाणा में मानसून सीजन में अब तक 89.6 एमएम बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 25 फीसदी अधिक है। हरियाणा में पिछले कुछ समय से मानसून की गतिविधियां शांत पड़ी थी, जिस कारण उमस भी बढ़ी। चंडीगढ़ मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया, मानसून अब सक्रिय हो गया है। है। इससे अगले दो से तीन दिन बारिश की गतिविधियां बढ़ेगी
मजबूत नहीं कराया तटबंध
धोतड़ से रमन गेणा ने कहा कि सिंचाई विभाग ने हाल ही में घग्गर की फ्लडी नहर से अवैध रूप से किसानों की ओर से डाली गई पाइपलाइन उखाड़ी थी, लेकिन जहां से पाइप लाइन उखाड़ी थी, उस जगह को मिट्टी के कट्टों से मजबूत नहीं किया गया। इसी का परिणाम है कि पानी छोड़ने के साथ ही तेज बहाव के चलते यह ड्रेन टूट गई। सिंचाई विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के कारण ऐसा हुआ है।