Movie prime

इंदौर में गर्मी ने तोड़े रिकार्ड, झुलसा रही गर्म हवाएं, पारा पहुंचा 40 डिग्री के पास

इंदौर में गर्मी ने तोड़े रिकार्ड, झुलसा रही गर्म हवाएं, पारा पहुंचा 40 डिग्री के पास
 

इंदौर। इस समय इंदौर में झुलसा देने वाली गर्मी पड़ रही है। दिन का तापमान 40.1 डिग्री और रात का तापमान 24.5 डिग्री से​ल्सियस को पार कर गया है। मौसम विभाग ने यहां लू के लिए अलर्ट जारी किया है। अगले तीन दिन तक मध्यप्रदेश के कई हिस्सों में भयंकर गर्मी पड़ने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार गर्मी बढ़ती जा रही है। सुबह से ही तेज धूप से लोगों को परेशानी हो रही है। दूसरे दिन भी तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मंगलवार को इंदौर का तापमान 1.8 डिग्री बढ़कर 40.1 डिग्री से​ल्सियस तक पहुंच गया। रात का तापमान भी बढ़कर 1.1 डिग्री उछलकर 24.5 डिग्री से​ल्सियस दर्ज किया है। तापमान में लगातर हो रही बढ़ोतरी ने लोगों के पसीने छूटा दिए हैं। इससे आम जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। लोगों का घरों से बाहर निकलना ही मु​श्किल हो गया है। 


पूरे प्रदेश में लू की चेतावनी
वैसे तो गर्मी के हिसाब से मध्यप्रदेश का तापमान ज्यादा ही रहता है, लेकिन इस बार अप्रैल महीने में ही तापमान सभी रिकार्ड तोड़ रहा है। मध्यप्रदेश के ग्वालियर, चंबल, इंदौर, उज्जैन में लू चलने के लिए अलर्ट जारी किया गया है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और सागर में तापमान में बढ़ोतरी हो रही है और यहां का तापमान 41 डिग्री के पार जा सकता है। मौसम विभाग ने दो दिन के लिए तेज गर्मी की चेतावनी जारी करते हुए लोगों को बचने की सलाह दी है। अभी मध्यप्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं है। दो दिन बाद जबलपुर, रीवा के कुछ भागों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। 


बदलेगा मौसम, तीन वेदर सिस्टम सक्रिय
इस समय प्रदेश में तीन मौसम परिवर्तन के लिए सिस्टम सक्रिय हैं। इनमें दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन और एक ट्रफलाइन हैं। 16 अप्रैल से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम परिवर्तनशील रहेगा। इसका असर 18 अप्रैल को दिखाई दे सकता है। इससे तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट हो सकती है। यदि तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट हुई तो लोगों को काफी हद तक राहत मिल जाएगी। 


सैलाना में हल्की बारिश
तेज गर्मी के बीच मंगलवार को सैलाना में दोपहर के समय हल्की बारिश हुई। इस बारिश के बाद भी यहां अ​धिक गर्मी दर्ज की गई। कई शहरों का तापमान 40 ​डिग्री के पार चला गया है। बारिश के बाद भी सैलाना में तापमान 41 डिग्री दर्ज किया गया। मंगलवार को रतलाम में अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे अधिक था। आने वाले दो से तीन दिन में और तेज गर्मी पड़ने की संभावना है। इस बार अप्रैल में ही लू लोगों के शरीर को झुलसा रही है।