आरटीओं के अनुमान को भी क्रास कर गया वाहन विक्रय
उज्जैन,29 मार्च (इ खबर टुडे / ब्रजेश परमार)। लगातार तीसरे वर्ष विक्रम व्यापार मेला ने वाहनों के विक्रय में कीर्तिमान रच दिया है। यह संख्या ग्वालियर व्यापार मेले को भी चुनौती देने वाली है। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष मालवीय के अनुमान से भी करीब डेढ हजार से अधिक वाहन मेला में विक्रय हुए हैं। मेले में परिवहन विभाग को पंजीयन सहित अन्य करों के रूप में 225 करोड से अधिक की कमाई हुई है। देर रात तक यह आंकडा और उपर जा सकता है।इतनी ही राशि की छूट मेले में वाहन क्रय करने वालों को भी मिली है।
वर्ष 2026 के विक्रम व्यापार मेले में वाहनों के विक्रय को लेकर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने मेले के शुरूआती दौर में करीब 40 हजार वाहनों के विक्रय का अनुमान जताया था। उनके अनुमान को भी इस बार का मेला पार कर गया है। मेले के अंतिम दिन रविवार को ही करीब डेढ हजार से अधिक वाहनों का विक्रय हुआ है। इस तरह से सवा माह के मेले में 41 हजार 538 वाहनों का विक्रय हुआ है।
इस वर्ष 16 फरवरी से 19 मार्च के लिए उज्जैन में विक्रम व्यापार मेले का आयोजन किया गया था। बीच में मौसम की गडबड को देखते हुए एवं अन्य कारणों को लेकर मेला अवधि 10 दिन बढाई गई है। इसके चलते मेला 29 मार्च तक मेला रहा।मेला अवधि बढने के कारण अंतिम 10 दिनों में करीब 11 हजार वाहन मेले में विभिन्न कंपनियों ने विक्रय किए हैं। खरीदे गए बाइक, कार एवं अन्य निजी वाहनों जैसे गैर व्यवसायिक परिवहन वाहनों पर मोटरयान कर में 50 प्रतिशत की छूट दी गई है।
मेला 2026 : विक्रय आंकडा
वाहन का प्रकार - विक्रय संख्या
2 व्हीलर - 6958
4 व्हीलर - 32548
कमर्शियल - 2032
कुल विक्रय – 41538
स्त्रोत-क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय,उज्जैन
अनुमान पार कर गया विक्रय
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष मालवीय बताते हैं किे शुरूआत में करीब 40 हजार के लगभग वाहन विक्रय का अनुमान था । इस वर्ष यह अनुमान भी क्रास हो गया है। वर्ष 2025 में कुल 36225 वाहन बिके थे। अनुमान के विरूद्ध वाहनों के विक्रय ने मेले की सफलता को प्रदर्शित किया है।
इंजीनियरिंग कालेज परिसर में दुसरा वर्ष
मेले में चौपहिया वाहनों की 123 दुकानें, दोपहिया वाहनों की 40 दुकानें और फूड जोन की 60 दुकानें सहित कुल 223 दुकानें हैं। ग्वालियर की तर्ज पर उज्जैन में वाहन विक्रय मेले की शुरुआत वर्ष 2024 में दशहरा मैदान पर हुई थी। कालिदास अकादमी एवं पीजीबीटी के मैदानों सहित तीन हिस्सों में मेला लगा था। वहां जगह की कमी को देखते हुए इसे वर्ष 2025 में इंदौर रोड स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज ग्राउंड पर वाहन मेले की शुरुआत हुई थी। 2024 में पहले साल 23705 वाहन बिके थे। वर्ष 2025 के मेले में 36225 वाहन बिके। इस वर्ष 2026 में 41538 वाहन का विक्रय हुआ है।

