Movie prime

 भारत को नीचा दिखाना कांग्रेस की फितरत, देश कभी माफ नहीं करेगा

 डाक सेवकों के सम्मेलन में आए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का राहुल गांधी पर तीखा प्रहार
 
 

उज्जैन, 24 फरवरी (इ खबर टुडे / ब्रजेश परमार)। ग्रामीण डाक सेवक सम्‍मेलन में शिरकत करने यहां आए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर कड़ा हमला बोलते हुए उन पर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश की छवि खराब करने का आरोप लगाया है। सिंधिया ने कहा कि जहाँ एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 'भारत गौरव' का आयोजन हो रहा था, जिसमें 25 देशों के राष्ट्राध्यक्ष और 130 देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए, वहीं कांग्रेस ने अपनी हरकतों से भारत माता के मस्तक पर कलंक लगाने का काम किया है।

प्रेस से चर्चा के दौरान श्री सिंधिया ने विरोध प्रदर्शन के तरीकों पर आपत्ति जताते हुए कहा कि टी-शर्ट उतारकर "नंगा नाच" करना भारतीय संस्कृति और गरिमा के विरुद्ध है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की इस ओछी राजनीति से अब उनके सहयोगी दल जैसे सपा, बसपा और डीएमके भी किनारा कर चुके हैं और सभी ने इसकी निंदा की है।

सिंधिया के अनुसार, देश की जनता कांग्रेस को पहले ही नकार चुकी है, और अब खुद कांग्रेस नेता अपनी हरकतों से पार्टी के बचे-कुचे अस्तित्व को खत्म करने में जुटे हैं। पूरा देश कांग्रेस के इस व्यवहार से स्तब्ध है। इससे पूर्व मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम की उन्होंने अध्यक्षता की।

कार्यक्रम में महत्‍वपूर्ण रूप से भारतीय डाक विभाग के माध्‍यम से उज्‍जैन के श्री महाकालेश्‍वर मंदिर तथा श्री ओंकारेश्‍वर ज्‍योर्तिलिंग मंदिर की प्रसादी आमजन तक पहुंचाने के लिए पोस्‍टल सेवा का शुभारंभ मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव तथा केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया के द्वारा किया गया। इसके अलावा उज्‍जैन के प्रसिद्ध स्‍थानों के संकलन पर आधारित पि‍क्‍टोरियल पोस्‍ट कार्ड का विमोचन भी अतिथियों द्वारा किया गया।