Movie prime

 इलाज के अवकाश के बदले रिश्वत लेते वन विभाग का स्थापना प्रभारी लोकायुक्त के हत्थे चढ़ा

 
 

उज्जैन/मंदसौर,02जून(इ खबर टुडे)। भ्रष्टाचार के विरुद्ध लोकायुक्त संगठन की ताबड़तोड़ कार्रवाई लगातार जारी है। महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश एवं उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के प्रभावी मार्गदर्शन में लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने मंगलवार को मंदसौर में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने सामान्य वनमंडल मंदसौर के स्थापना शाखा प्रभारी को ₹3,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांधी सागर परिक्षेत्र मंदसौर में पदस्थ वनरक्षक ललित मीणा ने अपने स्वयं के इलाज के लिए 43 दिनों के अर्जित अवकाश (Earned Leave) का आवेदन 27 मई 2026 को विभाग के IFMS पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन किया था। यह आवेदन सामान्य वनमंडल मंदसौर के स्थापना शाखा प्रभारी कृष्ण प्रताप सिंह राठौर की आईडी पर लंबित था।

आरोपी कृष्ण प्रताप सिंह ने इस आवेदन को आगे अग्रेषित (Forward) करने और अवकाश स्वीकृत कराने के एवज में वनरक्षक से ₹3,000 की रिश्वत की मांग की थी। आवेदक इसकी शिकायत लोकायुक्त उज्जैन से की।

​केमिकल लगे नोट पकड़ते ही दबोचा
​शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया। मंगलवार (02 जून 2026) को जैसे ही आवेदक ललित मीणा ने आरोपी कृष्ण प्रताप सिंह राठौर को रिश्वत की राशि ₹3,000 सौंपी, पहले से तैयार लोकायुक्त की टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधित) अधिनियम 2018 की धारा-7 के अंतर्गत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

​लोकायुक्त की ट्रैप टीम
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में डीएसपी श्री दिनेशचंद्र पटेल, निरीक्षक हीना डावर, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत, आरक्षक उमेश जाटव, आरक्षक श्याम शर्मा और आरक्षक मोहम्मद इसरार शामिल रहे।

​लोकायुक्त की जनता से अपील
​लोकायुक्त संगठन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई भी शासकीय अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी काम को करने के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो डरे नहीं। सजग नागरिक बनकर इसकी सूचना तुरंत लोकायुक्त उज्जैन मोबाइल नंबर 9425103975 शासकीय दूरभाष 0734-2512756 को दें।