Movie prime

कनाडा में मृतक उज्जैन के छात्र गुरकीरत का पार्थिव शरीर आज अहमदाबाद पहुंचेगा, कल उज्जैन में शव यात्रा

 
 

उज्जैन,01 अप्रैल (इ खबर टुडे / ब्रजेश परमार)। उज्जैन निवासी छात्र स्व. गुरकीरत पिता गुरजीत सिंह मनोचा का शव कनाडा से गुरूवार को अहमदाबाद पहुंचेगा। परिवारजन के अनुसार पार्थिव शरीर वैंकूवर से दिल्ली होते हुए 02 अप्रैल 2026 को रात्रि लगभग 9:00 बजे अहमदाबाद एयरपोर्ट पहुंचेगा। वहां आवश्यक कस्टम क्लियरेंस एवं दस्तावेजी प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत पार्थिव शरीर परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा,जहां से उज्जैन के लिए लाया जाएगा।

उज्जैन निवासी छात्र गुरकीरत की 14 मार्च 2026 को कनाडा के Fort St. John, British Columbia में जघन्य हत्या कर दी गई थी। वे वहां एमबीए करने गए थे। उनके पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है।  इसके पश्चात पार्थिव शरीर को एम्बुलेंस के माध्यम से उज्जैन प्रशासन के सहयोग से 03 अप्रैल 2026 को प्रातः लगभग 9:00 बजे 86-C, पार्श्वनाथ सिटी, देवास रोड, उज्जैन स्थित निज निवास लाया जाएगा। उज्जैन आगमन उपरांत परिवारजन, रिश्तेदारों एवं समाजजनों द्वारा अंतिम दर्शन एवं अरदास के पश्चात पार्थिव शरीर को अंतिम विदाई दी जाएगी तथा पुलिस प्रशासन की व्यवस्था एवं संरक्षण में सम्मानपूर्वक अंतिम यात्रा निकाली जाएगी। 

अंतिम यात्रा का मार्ग पार्श्वनाथ सिटी से देवास रोड होते हुए संजीवनी हॉस्पिटल चौराहा, सुख सागर गुरुद्वारा साहिब (फ्रीगंज) में अरदास, टावर चौक, चामुंडा माता मंदिर, आगर रोड, मंगलनाथ मार्ग, पीपलीनाका रोड होते हुए चक्रतीर्थ श्मशान घाट तक रहेगा, जहां पार्थिव शरीर का सम्मानपूर्वक दाह संस्कार किया जाएगा। मार्ग में विभिन्न संगठनों एवं समाजजनों द्वारा पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। 

इस पूरे प्रकरण में मध्यप्रदेश शासन एवं माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के त्वरित हस्तक्षेप, भारत सरकार के विदेश मंत्रालय, भारतीय दूतावास तथा स्थानीय प्रशासन के सतत समन्वय से यह प्रक्रिया संभव हो सकी। लगभग 20 दिनों के पश्चात पार्थिव शरीर परिवारजन को प्राप्त हो रहा है।

परिवारजन गुरजीत सिंह मनोचा द्वारा इस कठिन समय में सहयोग प्रदान के लिए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भारत सरकार, कनाडा एंबेसी के भारतीय राजदूत, उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया, उज्जैन कलेक्टर रोशनकुमारसिंह , पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा का आत्मीय आभार व्यक्त किया है। 

इस पूरे समन्वय एवं जानकारी साझा करने की प्रक्रिया में अभिलाष जैन द्वारा नोडल के रूप में मीडिया, शासन एवं प्रशासन स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाई गई। परिवारजन द्वारा विशेष रूप से समस्त मीडिया का भी आत्मीय आभार व्यक्त किया गया है, जिन्होंने इस पूरे प्रकरण को प्रमुखता से उठाकर प्रशासन एवं शासन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।