Movie prime

 नाले में बहा सहायक सचिव की 20 घंटे से तलाश जारी, बाईक मिली

 

 

उज्जैन, 03 जुलाई (इ खबर टुडे / ब्रजेश परमार)। गुरूवार देर शाम ग्राम पंचायत गावडी लोधा का सहायक सचिव सूर्यप्रताप सिंह सोनगरा 48 वर्ष बाईक से पुलिया पार करते समय नाले के पानी के बहाव में बह गया था। बाइक पर बैठा परिचित कूद गया था। बारिश का तेज बहाव बाइक और सहायक सचिव को अपने साथ बहा कर ले गया था। रात में सर्चिंग के दौरान उसकी बाईक तो 200 मीटर दूर मिल गई लेकिन उसका 20 घंटे बाद भी पता नहीं चल सका है। एसडीआरएफ की टीम ने उसे 3 किलोमीटर के दायरे में खोज लिया है लेकिन उसका पता नहीं चला है। नाला आगे जाकर चंबल नदी में मिला है।

इंगोरिया थाना प्रभारी दीपेश व्यास ने बताया रात को ग्राम गावड़ी लोधा पंचायत सहायक सचिव के बाइक से गांव के मार्ग स्थित नाले पर बनी पुलिया पार करते समय अचानक आये तेज बहाव में गिर कर बह जाने की जानकारी मिली थी। बाइक पर गांव का ही रहने वाला युवक भी सवार था जो पानी का तेज बहाव देख कूद गया था। पुलिस और ग्रामीणों ने मौके पर पहुंच कर उसकी तलाश शुरू की थी। रात में काफी अंधेरा हो चुका था बावजूद इसके रात 2 बजे तक चले अभियान में घटना स्थल से 200 मीटर दूरी पर सहायक सचिव की बाइक मिल गई। लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया रात में ही बड़नगर से एसडीआरएफ की टीम पहुंची थी। 

शुक्रवार को उज्जैन से पहुंची रेस्क्यू टीम की सुबह से जारी सचिंग के बावजूद शाम तक सहायक सचिव का पता नहीं चल पाया था। बताया जा रहा है कि उक्त नाला आगे जाकर चंबल नदी से मिलता है। इसी प्रकार आगर रोड स्थित ग्राम जगोटी में भी गुरूवार शाम खेत से घर लौट रहा ग्रामीण केशुलाल आंजना निवासी खेडा खजूरिया रास्ते में बनी नाले की पुलिया से बाइक निकालने का प्रयास कर रहा युवक तेज बहाव में बह गया। कुछ दूर जाने के बाद युवक तो किनारे पर आकर बच गया, लेकिन उसकी बाइक पानी के तेज बहाव में चली गई।