Movie prime

 रेलवे पुलिस ने पकडे कंगन कटर गैंग के चार आरोपी , 6 कटे हुए कंगन बरामद

 महाराष्ट्र के निवासी है चारो आरोपी 
 

 


उज्जैन,16 सितम्बर(इ खबर टुडे) । शासकीय रेलवे पुलिस एवं रेलवे सुरक्षा बल उज्जैन ने संयुक्त रुप से रेलवे स्टेशन उज्जैन एवं यहां से गुजरने वाली ट्रेनो में महिला यात्रियों के हाथों से कटर की मदद से सोने के कंगन काटकर चोरी करने वाली गैंग के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 69 ग्राम सोने के कटे हुए कंगन एवं चार कटर कुल कीमती 9.5 लाख रुपए के जप्त किए गए हैं।

जीआरपी थाना प्रभारी सुनील गुप्ता के अनुसार पिछले 15 दिन में रेलवे स्टेशन उज्जैन में चलती ट्रेनो में एक ही तरीका वारदात के कुल चार अपराध घटित हुए थे जिसमें ट्रेन काचीगुडा एक्सप्रेस, ट्रेन इंदौर -खडकी एक्सप्रेस, ट्रेन नर्मदा एक्सप्रेस, ट्रेन नागदा इंदौर पेसेंजर में यात्रा कर रही महिला यात्रियों के हाथ में पहने हुए सोने का कंगन काटकर चोरी कर लिये गये थे। फरियादियों की रिपोर्ट पर से थाना जीआरपी उज्जैन पर अलग- अलग चार अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिए गए। 

जीआरपी एवं आरपीएफ थाना प्रभारी नरेन्द्र यादव के समन्वय एवं नेतृत्व में टीम का गठन कर रेलवे स्टेशन उज्जैन, शहर उज्जैन, ट्रेनो के अंदर के सीसीटीव्ही कैमरे चेक किए गए। फुटेज से मिले सुराग एवं मुखबिर सूचना के आधार पर गैंग उज्जैन रेलवे स्टेशन एरिया में पुनः नई घटना कारित करने लिए घुम रही है। इस आधार पर संयुक्त दल ने जीरो पाइंट ब्रिज रेलवे स्टेशन उज्जैन से घेरा बंदी कर चार संदेहियों को पकडा गया।

 तलाशी में इनके पास से कुल 69 ग्राम सोने के कटे हुए कंगन मय चार कटर कुल कीमती रूपए 9.50 लाख की जब्त की गई। पूछताछ में आरोपियों के नाम अभिजीत उर्फ अभि पिता जीतू पंवार 28 वर्ष, कुणाल गायकवाड पिता सुनील गायकवाड 33 वर्ष, नरेश गायकवाड पिता विनायक गायकवाड 34 वर्ष, हुसैन शेख पिता इब्राहिम शेख उम्र 45 वर्ष निवासी थाना अंबरनाथ जिला ठाणे महाराष्ट्र्र सामने आए हैं।

 आरोपियों ने ट्रेनो में महिला यात्रियों के हाथो में पहने हुए सोने के कंगन कटर से काटकर चोरी करने की वारदात को स्वीकार करने पर इन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया। पकडे गए आरोपियों के चोरी से संबधित कई आपराधिक रिकार्ड होना पाए गए है। पुलिस बुधवार को आरोपियों को न्यायालय में पेश कर इनका रिमांड मांगेगी।