Movie prime

रूनीजा में छात्रा की मौत के बाद जनआक्रोश: लव जिहाद और प्रताड़ना का आरोप, परिजनों ने सड़क पर उतरकर किया चक्काजाम

 

 

 

 

उज्जैन, 08 सितंबर(इ खबर टुडे)। उज्जैन जिले के ग्राम रूनीजा (मसवाड़िया क्षेत्र) में 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इलाके में भारी तनाव और जनआक्रोश फैल गया है। परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि छात्रा लव जिहाद और मानसिक प्रताड़ना का शिकार हुई थी, जिससे तंग आकर उसने जहरीला पदार्थ (सल्फास) खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने भाटपचलाना-खाचरौद और रतलाम मार्ग पर चक्काजाम कर जोरदार नारेबाजी की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका गजनीखेड़ी स्थित विद्यालय में पढ़ती थी। परिजनों का आरोप है कि बड़नगर निवासी आरोपी असलम (परिवर्तित नाम आयु में संसय) छात्रा को लगातार परेशान कर रहा था। इस पूरे मामले में विद्यालय के शिक्षक ब्रजलाल राठौड़ की भूमिका पर भी सवाल उठे हैं। आरोप है कि आरोपी द्वारा लिखे गए पत्रों का डर दिखाकर और ब्लैकमेल कर छात्रा पर बातचीत करने का दबाव बनाया जा रहा था। इसी प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर छात्रा ने यह कदम उठाया।

​रासुका और बुलडोजर कार्रवाई की मांग
घटना की खबर फैलते ही सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण सड़कों पर उतर आए और चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि आरोपी असलम परिवर्तित नाम और संबंधित शिक्षक पर कड़ी धाराओं में तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए। ​आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई हो। ​आरोपी के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाकर कड़ी मिसाल कायम की जाए।

​प्रशासनिक आश्वासन के बाद स्थिति नियंत्रण में
चक्काजाम और बढ़ते तनाव की सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि मर्ग डायरी प्राप्त कर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। साथ ही आरोपी के घर व संपत्तियों की जांच कर जेसीबी/बुलडोजर कार्रवाई और सख्त कानूनी कदम उठाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आश्वासन के बाद यातायात बहाल कराया गया, हालांकि एहतियात के तौर पर क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है।