Movie prime

 डॉग स्क्वाड का ‘लक्की’ बना उज्जैन पुलिस का हीरो, 10 हजार इनाम पाया,5 साल में अब तक 4 अंधे कत्ल सुलझाए

 

 

उज्जैन, 06 अगस्त(इ खबर टुडे/ बृजेश परमार)। डॉग स्क्वॉड का ट्रेकर डाग लक्की उज्जैन पुलिस में हीरो बना  हुआ है। जेम्स बांड की तर्ज पर काम करते हुए उसने हाल ही में दो अंधे कत्लों का राजफाश करने में पुलिस की मदद की है। इससे पूर्व भी उसने दोहरे अंधे कत्ल एवं एक हादसे में पुलिस को अहम सुराग दिए थे। हाल ही के खुलासे के बाद पुलिस अधीक्षक ने लक्की एवं उसके हेंडलर अखिलेश चंद्रवंशी को 5-5 हजार के नकद ईनाम से नवाजा है। 

एसपी प्रदीप शर्मा के अनुसार आधुनिक संसाधनों के बावजूद हमारे लिए ये बहुत ही महत्वपूर्ण स्क्वाड होती है। लक्की ने हेंडलर के साथ काम करते हुए पिछले 5 साल में 4 अंधे कत्लों को सुलझाने एवं आरोपियों को पकडने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। एक हादसे में अहम सुराग दिया। उसके काम करने का जज्बा भी गजब का है।

हाल ही में उन्हेल एवं जूना नागदा में हुए अंधे कत्लों को सुलझाने के मामले में अहम सुराग देने वाले पुलिस  ट्रेकर डॉग ‘लक्की’ और उसके हैंडलर आरक्षक अखिलेश चंद्रवंशी को 10 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

हेंडलर अखिलेश बताते हैं कि वर्ष 2021 में लक्की को उज्जैन में पदस्थ किया गया था। उसके पूर्व यह भोपाल स्थित 23 बटालियन में था। अभी लक्की की उम्र 7 वर्ष है। आपराधिक घटनास्थलों पर पहुंचकर लक्की ने पुलिस को अहम सुराग दिए जिसके आधार पर संबंधित थाना पुलिस ने कार्रवाई की और वह अपराधियों को पकडने में सफल रही।

पहला मामला उन्हेल थाना क्षेत्र का है, जहां 16 जून 26को विक्रम लोहार की हत्या हुई थी। घटनास्थल पर पहुंचे ‘लक्की’ ने ट्रैकिंग करते हुए मृतक की पत्नी की ओर बार-बार संकेत दिया। इस संकेत को स्पष्ट करते हुए उपस्थित अधिकारियों के समक्ष बताए जाने पर पुलिस पूछताछ में महिला ने हत्या करना स्वीकार किया और पुलिस ने इस आधार पर प्रमाणित साक्ष्य जुटाए।

नागदा थाना अंतर्गत जूना नागदा में 14 जुलाई को एक अज्ञात युवक की हत्या कर शव गड्ढे में छिपा दिया गया था। हत्या में इस्तेमाल ईंट की गंध के आधार पर ‘लक्की’ ने करीब 900 मीटर का दायरा तय किया। यहां तक की गांव के अंदर से निकलकर अंत में रहने वाले संदिग्ध आरोपी के घर पहुंचा । लक्की ने वहां जाकर संकेत दिए और इसके बाद पुलिस को अहम सुराग मिला।

करीब ढाई वर्ष पूर्व लक्की ने नरवर थाना अंतर्गत 27 जनवरी 24 को ग्राम पिपलौदा द्वारकाधीश में सरपंच तथा भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रामनिवास कुमावत और उनकी पत्नी मुन्नी कुमावत की उनके घर में घुसकर धारदार हथियारों से हत्या कर दी थी। मकान में चोरी के उद्देश्य से घुसे गांव के ही बदमाशों ने पूर्व सरपंच एवं उनकी पत्नी की हत्या कर दी थी उस मामले में भी लक्की ने अहम सुराग पुलिस को दिया था,जिससे आरोपी पकडे गए थे।

26 मार्च को जीवाजीगंज थाना अंतर्गत विष्णु सागर में पिकनिक मनाने गई महिलाओं के पास से एक 2 वर्षीय बच्ची लापता हो गई थी। लाख प्रयासों के बावजूद कोई सुराग हाथ नहीं लग रहा था। लक्की ने पहुंचकर तालाब के एक हिस्से में जाकर बार-बार संकेत दिए थे। बाद में गोताखोरों ने बच्ची को वहीं से तालाब की गहराई से निकाला था।