Movie prime

 उज्जैन कलेक्ट्रेट में लोकायुक्त का छापा, ADM का बाबू 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

 फर्जी गैस कनेक्शन मामले में फैसला करवाने के लिए मांगी थी रिश्वत
 

 

उज्जैन,5 नवंबर(इ खबर टुडे)। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट में बड़ी कार्रवाई की। टीम ने ADM कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी रोहित गोठवाल को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी बाबू पर एक प्रकरण में शिकायतकर्ता के पक्ष में फैसला करवाने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। लोकायुक्त की इस कार्रवाई से कलेक्ट्रेट परिसर में हड़कंप मच गया।

लोकायुक्त पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फरियादी बृजेश विश्वकर्मा पिता तिलकधारी, निवासी सी-267 बिरलाग्राम नागदा, जिला उज्जैन ने 29 अक्टूबर 2026 को लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार दीक्षित से शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया था कि उनकी माता के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर उज्ज्वला योजना के तहत फर्जी गैस कनेक्शन किसी अन्य व्यक्ति को जारी कर दिया गया था।

इस संबंध में फरियादी ने कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में शिकायत की थी। शिकायत की जांच खाद्य विभाग को सौंपी गई थी। खाद्य विभाग की जांच में शिकायत सही पाए जाने पर जांच प्रतिवेदन ADM को भेजा गया। इसके बाद संबंधित गैस एजेंसी एवं अन्य लोगों के विरुद्ध ADM न्यायालय में प्रकरण दर्ज किया गया था।

फैसले के लिए मांगी थी रिश्वत

इसी प्रकरण में शिकायतकर्ता के पक्ष में फैसला करवाने के नाम पर ADM कार्यालय में पदस्थ बाबू रोहित गोठवाल द्वारा 20 हजार रुपए की रिश्वत मांगे जाने की शिकायत लोकायुक्त को की गई थी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त टीम ने गुरुवार 5 नवंबर को योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की और आरोपी को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई

यह कार्रवाई लोकायुक्त संगठन के महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देशन में, उप पुलिस महानिरीक्षक लोकायुक्त मनोज कुमार सिंह एवं लोकायुक्त उज्जैन के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार दीक्षित के मार्गदर्शन में की गई। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।