Movie prime

 उज्जैन नागदा मार्ग पर भीषण दुर्घटना, तीन की मौत एक गंभीर

 
 

उज्जैन,18 मार्च (इ खबर टुडे / ब्रजेश परमार)। मंगलवार पूर्वान्‍ह् उज्जैन- नागदा मार्ग पर भीषण दुर्घटना हो गई। कार को सामने से आ रहे लोडिंग वाहन आईशर ने टक्कर मार दी। कार में सवार चार दोस्तों में से 2 की मौके पर मौत हो गई तीसरे ने उपचार के दौरान कुछ घंटे बाद दम तोड़ दिया। चौथे घायल की हालत भी नाजुक बताई जा रही है। परिचितों के अनुसार चारों सांवरिया जी दर्शन करने के लिए जा रहे थे।

दोपहर पूर्व ग्राम गोयला में टोल टैक्स के आगे कार और आयशर के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई थी। दुर्घटना में कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई, आयशर का अगला हिस्सा भी पूरी तरह से डेमेज हो गया था। सूचना मिलते ही भैरूगढ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। क्रेन से वाहनों को अलग किया गया। कार में चार लोग सवार थे जिन्हें अस्पताल पहुंचाया। जहां सामने आया कि दो की मौत हो चुकी है दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें निजी अस्पताल भेजा गया। मृतकों में देवेंद्र पिता चिंतामण जोशी और कैलाश उर्फ रिंकू पिता बंसीलाल शर्मा निवासी अब्दालपुरा होना सामने आए। घायलों में प्रवेश शर्मा निवासी इंदिरा नगर और सुरेश नवलानी सिंधी कॉलोनी शामिल थे। 

परिजनों ने बताया कि चारों दोस्त थे और सांवरिया जी दर्शन करने जा रहे थे। थाना प्रभारी शैलेन्द्र प्रताप सिंह राजावत के अनुसार दुर्घटना के बाद आयशर का चालक फरार है। दोपहर में दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में लिया है। शव परिजनों को सुपूर्द किए गए हैं। शाम को जानकारी सामने आई कि घायलों में शामिल सुरेश नवलानी की भी मौत हो गई है। देर शाम सुरेश की बॉडी निजी अस्पताल से पोस्टमार्टम के लिए चरक अस्पताल लाए जाने की जानकारी सामने आ रही थी । सुरेश का पोस्टमार्टम बुधवार सुबह कराया जाएगा। 

थाना प्रभारी राजावत के अनुसार अभी इस मामले में पुष्टि की जा रही है। आयशर में लहसुन भरी हुई है, नंबर के आधार पर चालक की तलाश की जा रही है। मृतकों में शामिल कैलाश शर्मा भाजपा से जुड़े हुए थे। वहीं सुरेश प्रॉपर्टी का काम करते थे। घायल प्रवेश शर्मा की स्थिति भी नाजूक बताई जा रही है। उन्हें स्थानीय निजी अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है।