Movie prime

 नीमच में होमगार्ड डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

 

​नीमच / उज्जैन, 12 नवंबर (इ खबर टुडे)। लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए नीमच जिले में पदस्थ डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी आरटीओ बैरियर पर तैनाती बनाए रखने की एवज में होमगार्ड सैनिक से प्रति माह रिश्वत की मांग कर रहा था।
​
​विपुस्था लोकायुक्त उज्जैन के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार दीक्षित ने जानकारी देते हुए बताया कि आवेदक महेश थोरेचा, जो कि होमगार्ड सैनिक के पद पर कार्यरत हैं, ने 10 नवंबर 2026 को लोकायुक्त कार्यालय उज्जैन में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।

​शिकायत के अनुसार, नीमच जिले के होमगार्ड कार्यालय में पदस्थ डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान द्वारा होमगार्ड सैनिक बलवंत सिंह के माध्यम से नयागांव नीमच स्थित आरटीओ बैरियर पर ड्यूटी तैनाती के एवज में 3,000 रुपये प्रतिमाह रिश्वत की मांग की जा रही थी।

​लोकायुक्त टीम ने किया सत्यापन और ट्रैप
​शिकायत मिलने पर पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त उज्जैन द्वारा मामले का सत्यापन निरीक्षक राजेंद्र वर्मा से कराया गया। सत्यापन के दौरान शिकायत सही पाए जाने पर लोकायुक्त टीम ने आज गुरुवार को नीमच के कोट मोहल्ला स्थित होमगार्ड कार्यालय में ट्रैप कार्यवाही की योजना बनाई।
​कार्यवाही के दौरान लोकायुक्त दल ने डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान को आवेदक महेश थोरेचा से 3,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

​ट्रैप दल में ये अधिकारी रहे शामिल
​इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाले लोकायुक्त उज्जैन के ट्रैप दल में ​डीएसपी राजेश पाठक, ​निरीक्षक राजेंद्र वर्मा, ​आरक्षकगण उमेश जाटव, अनिल अटोलिया, इसरार खान, संजीव कुमारिया, श्याम शर्मा, ​एलडीसी रश्मि शामिल रहे।

​लोकायुक्त संगठन की आमजन से अपील
​लोकायुक्त संगठन द्वारा भ्रष्टाचार के विरुद्ध लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। संगठन की ओर से आमजन से अपील की गई है कि यदि कोई भी लोकसेवक या शासकीय कर्मचारी किसी भी शासकीय कार्य को करने के एवज में रिश्वत की मांग करता है, तो तुरंत लोकायुक्त उज्जैन के दूरभाष नंबर 0734-2512756 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराएं।