तांबे के चूरे (स्क्रैप) से भरे 05 लोडिंग वाहन जब्त, 05 आरोपी गिरफ्तार
उज्जैन, 13 अक्टूबर(इ खबर टुडे / ब्रजेश परमार)। चिमनगंज थाना पुलिस ने मुखबिर सूचना के आधार पर रणकेश्वर मंदिर के पास ब्रिज के नीचे कार्रवाई करते हुए तांबे के चूरे (स्क्रैप) से भरे 05 लोडिंग वाहन पकड़े गए। पांचों वाहनों का कुल ग्रॉस वजन 16,575 किलोग्राम जिसमें से लगभग 11 टन ताँबे का स्क्रैप पाया गया। वैध दस्तावेज सामने नहीं आने पर पुलिस ने इंदौर निवासी 5 लोगों को गिरफ्तार किया है।
सउनि दिनेश सरोठिया द्वारा पुलिस बल एवं पंच साक्षियों के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की गई। मौके पर पांच टाटा एस लोडिंग वाहनों में प्लास्टिक की बोरियों में भरा क्रिस्टलनुमा तांबे का चूरा (स्क्रैप) मिला। माल के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने तथा संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने पर चोरी का माल होने के संदेह में पांचों वाहनों सहित उनमें भरे तांबे के चूरे को विधिवत जब्त किया गया। पुलिस द्वारा मौके पर ही पांचों वाहन चालकों को गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराते हुए विधिवत गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई की मोबाइल फोन से वीडियोग्राफी भी कराई गई। इसके पश्चात जब्तशुदा वाहनों एवं उनमें भरे माल को श्री हरिओम धर्मकांटा, सेंट पॉल स्कूल के पास ले जाकर पंच साक्षियों की उपस्थिति में तौल कराया गया।
एसपी प्रदीप शर्मा के अनुसार पीथमपुर के एक व्यापारी द्वारा सूचना दी गई कि उनकी फैक्ट्री से स्क्रैप का माल ट्रकों में भरकर उज्जैन में एक जगह पर खाली किया जा रहा है। सूचना पर तत्काल एक्शन लेते हुए पुलिस ने 5 गाड़ियां कब्जे में ली हैं, पांचों वाहन इंदौर पासिंग हैं। इसमें 5 लोगों को हिरासत में लिया गया है - राहुल चौहान, विनायक, सुरेश, शंकर झाला और रामकिशन। सभी चंदन नगर, इंदौर के रहने वाले हैं। इनके द्वारा बताया गया कि ये पीथमपुर से स्क्रैप भरकर लाते थे और पहले भी इस तरह का काम किया है। जब्त माल की कीमत व्यापारी के अनुसार लगभग 1.5 से 2 करोड़ रुपये है। इसके अलावा 5 गाड़ियों की कीमत अलग से 25 से 30 लाख रुपये है।
पांचों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड ली जाएगी। इनसे पूछताछ में पता चलेगा कि कहां-कहां पहले भी इस तरह का स्क्रैप बेचा गया है। जो माल मिला है वो तांबे का स्क्रैप है, छल्ले के रूप में है। 5 गाड़ियों में कुल करीब डेढ़ से दो टन माल है। यह माल इंडस्ट्री यूज के लिए होता है। व्यापारी को शंका है कि अप्रैल महीने से ही उनकी फैक्ट्री से इस तरह के माल की चोरी हो रही थी। अभी 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कंपनी के अंदर कौन-कौन इसमें शामिल था और किनके द्वारा माल निकाला जा रहा था, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस रिमांड के बाद अन्य नाम भी बढ़ाए जाएंगे और गिरफ्तारी की जाएगी।
पुलिस ने घटनास्थल से सुरेश पिता मोहनलाल सोलंकी, राहुल पिता राधेश्याम चौहान, शंकर पिता कैलाश सिंह ढाला, रामकिशन पिता मांगीलाल पंवार, विनायक पिता रमेश राठौर निवासी इंदौर को गिरफ्तार किया है
पुलिस द्वारा पांचों आरोपियों के विरुद्ध धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं धारा 35(1)(e)/106 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के अंतर्गत इस्तगासा क्रमांक 04/2026 पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। जब्तशुदा वाहनों एवं माल को थाने पर सुरक्षित रखवाया गया है। प्रकरण में तांबे के चूरे के स्रोत एवं चोरी से संबंधित तथ्यों की जांच की जा रही है।

