ताला तोडकर सूने मकान से 40 लाख की चोरी, शातिर बदमाश गिरफ्तार
उज्जैन, 22 जून (इ खबर टुडे बृजेश परमार)। नागदा पुलिस ने सूने मकान का ताला तोडकर वहां से सोने चांदी के जेवरात एवं नकदी सहित 40 लाख की चोरी के मामले के मुख्य आरोपी रतलामसिंह उर्फ रत्तु (26 वर्ष), निवासी ग्राम सिगनुर, थाना गोगांवा, जिला खरगोन को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने दो सहयोगियों का नाम भी पुलिस को बताया है। पुलिस ने आरोपी से करीब 6 लाख रुपये के सोने के आभूषण एवं 70 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
नागदा थाना एसआई योगिता द्विवेदी ने बताया कि 13 जून की रात्रि में थाना क्षेत्र के सुनील नगर निवासी मोहम्मद आजाद के निवास पर उस दौरान चोरी की वारदात हुई थी जब वे उदयपुर घुमने गए थे। पुलिस ने धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के अंतर्गत एक सूने मकान से नगदी एवं सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
फरियादी के अनुसार चोरी गए माल की कुल कीमत लगभग 40 लाख रुपये थी। इस मामले में पुलिस अधीक्षक महोदय ने 10 सदस्यीय विशेष टीम(SIT) गठित की गई थी। टीम ने 7 दिनों में नागदा, उज्जैन, खाचरौद, इंदौर, महिदपुर सहित विभिन्न मार्गों एवं हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों के लंबे-लंबे फुटेज घंटों तक खंगाले।
लगातार प्रयास, अनुसंधान के परिणामस्वरूप आखिरकार मुख्य आरोपी की पहचान की गई। मुख्य आरोपी रतलामसिंह उर्फ रत्तु को सनावद से गिरफ्त में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों दिपक सिकलीगर और शिवराज पिता हरपाल निवासीगण गंदवानी धार के साथ मिलकर पहले क्षेत्र की रेकी करना तथा सूना एवं ताला लगा मकान देखकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। दोनो आरोपी फरार हैं।

