मोहर्रम के जुलूस में क्रेन से 40 फीट ऊपर लटकाकर गाड़ी उड़ाई, वीडियो वायरल,4 पर नामजद प्रकरण(देखिए लाइव वीडियो)
उज्जैन,25 जून (इ खबर टुडे/ब्रजेश परमार )। उज्जैन जिले के बड़नगर में मोहर्रम के जुलूस के दौरान एक बेहद चौंकाने वाला और खतरनाक मामला सामने आया है। यहाँ मोहर्रम जुलूस के दौरान एक टाटा मैजिक वैन को क्रेन की मदद से करीब 40 फीट की ऊंचाई पर लटकाया गया और फिर हवा में ही उसमें जोरदार धमाका कर उसे उड़ा दिया गया। इस हैरतअंगेज और जानलेवा स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर पुलिस हरकत में आई और जांच के उपरांत थाना प्रभारी कमलेश सिंगार की शिकायत पर 4 आरोपियों के विरूद्ध गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।
यह पूरी घटना बड़नगर के अडान मोहल्ले की है। मोहर्रम के जुलूस के दौरान वहाँ हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ मौजूद थी। इसी बीच आयोजकों द्वारा एक टाटा मैजिक वैन को क्रेन से बांधकर लगभग 40 फीट ऊपर हवा में लटकाया गया। जिस वक्त यह स्टंट किया जा रहा था, गाड़ी पर बड़े अक्षरों में ‘ले फिर आ गए’ लिखा हुआ था।
उज्जैन जिले के बड़नगर में मोहर्रम के जुलूस के दौरान एक बेहद चौंकाने वाला और खतरनाक मामला सामने आया है। यहाँ मोहर्रम जुलूस के दौरान एक टाटा मैजिक वैन को क्रेन की मदद से करीब 40 फीट की ऊंचाई पर लटकाया गया और फिर हवा में ही उसमें जोरदार धमाका कर उसे उड़ा दिया गया। pic.twitter.com/Dyp5zOokJW
— Tushar Kothari (@TusharKothari07) June 25, 2026
इतना ही नहीं, गाड़ी के हवा में लटकने के दौरान दो युवक उस पर खड़े होकर लापरवाही से झंडे लहरा रहे थे। इसके तुरंत बाद गाड़ी के भीतर एक जोरदार बारूदी धमाका किया गया, जिससे वैन के परखच्चे उड़ गए। गनीमत यह रही कि इस ब्लास्ट की चपेट में कोई नहीं आया और एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
सार्वजनिक स्थान पर और इतनी बड़ी भीड़ के बीच इस तरह के जानलेवा स्टंट को अंजाम दिए जाने से स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि अगर क्रेन का तार टूट जाता या ब्लास्ट का कोई हिस्सा नीचे खड़ी भीड़ पर गिर जाता, तो सैकड़ों मासूमों की जान जा सकती थी। इस घटना ने सार्वजनिक सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए ।
वीडियो वायरल होने और मामला गरमाने के बाद बड़नगर थाना पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घटना के आयोजकों और क्रेन मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू करते हुए मामले की जांच की । बकौल थाना प्रभारी श्री सिंगार मामले में मैं स्वयं ही शासन पक्ष से फरियादी हुं। अडान मोहल्ला अखाडा का उस्ताद शोएब पिता गब्बू खां,जावेद खां,तफ्सील खां के साथ क्रेन मालिक गोपाल माली पर बीएनएस की धारा 110 जनहानि का आशय,125 ए अनुमति का अवैधानिक उपयोग,287,288 खतरनाक स्थिति उत्पन्न कर जनसमुदाय की जान खतरे में डालना,223 बी जनहानि की आशंका सहित 285 एवं 35 में प्रकरण दर्ज किया है।

