उज्जैन : देवास गेट स्टैंड पर बसों की रोक को माना संचालकों ने,एक भी बस नहीं आई
उज्जैन,12 अक्टूबर(इ खबर टुडे)। देवासगेट बस स्टैंड को बंद करने के लिए प्रशासन ने 9 अक्टूबर को सार्वजनिक घोषणा करते हुए 12 अक्टूबर से इसे बंद किये जाने के निर्णय से अवगत करवाया गया था। सोमवार को पहले दिन प्रशासन ने पूरे दिन इंतजार किया लेकिन देवासगेट बस स्टैंड पर एक भी बस नहीं पहुंची। प्रशासन को बगैर किसी विरोध के ही बस स्टैंड खाली हो गया है। आरटीओ संतोष मालवीय के अनुसार देवासगेट,नानाखेडा,कानीपुरा रोड, मंडी चौराहा क्षेत्र में उन्होंने एहतियात के चलते दल के साथ घंटों गश्त की सभी बस संचालकों ने सहयोग किया है। पहले दिन एक भी बस देवासगेट नहीं पहुंची है।
प्रशासनिक सूचना के अनुसार सिंहस्थ-2028 की तैयारियों और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के उद्देश्य से देवास गेट बस स्टैंड को बंद किया जाकर देवास गेट बस स्टैंड को नई जगह स्थानांतरित करने की व्यवस्था की गई है। 12 अक्टूबर से देवासगेट बस स्टैंड पर बसें ले जाने पर पूर्ण रूप रोक लगाते हुए सभी बसों का संचालन नानाखेड़ा बस स्टैंड से किए जाने का आदेश क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार एवम संभागायुक्त उज्जैन संभाग उज्जैन मध्यप्रदेश के द्वारा शासन के अन्य स्थानीय विभागो के प्रतिनिधियों एवम बस संचालकों की बैठक से प्राप्त परामर्श के पश्चात जारी किया गया था।
हिदायत के साथ थी कडी कार्रवाई की चेतावनी
12 अक्टूबर को देवास गेट आने वाली बसों एवं संचालन कर्ताओं को सीधे तौर पर कहा गया था कि नियमों का उल्लंघन करने वाले बस संचालकों के खिलाफ न्यायालयीन कार्रवाई, परमिट निरस्तीकरण, आरसी कैंसिल और चालानी कार्रवाई सहित अन्य वैधानिक कदम उठाए जाएंगे।
नानाखेडा से होगा संचालन
बस स्टैंड के संचालन के लिए पूर्व से संचालित नानाखेड़ा बस स्टैंड स्थित 1.689 हेक्टेयर भूमि का चयन किया गया है। नानाखेड़ा बस स्टैंड पर बसों की पार्किंग के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराने के साथ यात्रियों के लिए पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाएं नगर पालिका निगम उज्जैन के माध्यम से विकसित की जाएंगी। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत बस स्टैंड के संचालन एवं प्रबंधन की जिम्मेदारी नगर निगम को सौंपने का प्रावधान भी किया गया है। देवासगेट से संचालित लोकसेवा बसों भी नानाखेडा से ही संचालित की जाएगी।
सिंहस्थ कार्यों के लिए महत्वपूर्ण कदम
सिंहस्थ-2028 के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और यात्रियों के उज्जैन पहुंचने की संभावना को देखते हुए तथा शहर अंतर्गत हो रहे वृहद सड़क चौड़ीकरण , एलिवेटेड ब्रिज का निर्माण तथा अन्य निर्माण व सौंदर्यीकरण कार्यों के प्रगतिरत होने के कारण बसों के संचालन को सुव्यवस्थित करना महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बस संचालकों का सहयोग मिला-आरटीओ
आरटीओ मालवीय के अनुसार सभी बस संचालकों का सहयोग हमें मिला है। इसके चलते पहले दिन एक भी बस देवासगेट बस स्टैंड पर नहीं आई है। बस स्टैंड पर यात्रियों की सुविधा के लिए हमने उद्घोषणा भी करवाई। आने वाले समय में आगर रोड मकोडिया आम के पास की खाली जमीन से मक्सी,तराना का बस स्टैंड ,इंदौर रोड का नाना खेडा और बडनगर रोड के लिए मुल्लापुरा से बस स्टैंड संचालन की योजना है। सभी बसें बायपास से ही निकाली जाएंगी। स्लीपर कोच बसों के लिए इंजीनियरिंग कालेज के सामने खाली ग्राउंड से संचालन किया जाएगा। वर्तमान में नानाखेडा में ही पीछे के स्थान से ये संचालित होगा।

