Movie prime

 सिंहस्थ क्षेत्र में अवैध होटल, आश्रम व अन्य पक्के निर्माण पर चला बुल्डोजर

 
 

उज्जैन,25फरवरी(इ खबर टुडे / ब्रजेश परमार)। जिला प्रशासन ने बुधवार सुबह नगर निगम के साथ नृसिंह घाट क्षेत्र में अवैध रूप से बन रहे आश्रमों का पक्का निर्माण तोडऩे की कार्रवाई की। प्रशासन की रिमूवल गैंग पुलिस बल के साथ मोर्चे पर तैनात रही। इस दौरान  सिंहस्थ क्षेत्र में नियमों को ताक पर रखकर बनाए जा रहे निर्माणाधीन अवैध आश्रमों को हटाने की कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

प्रशासन की टीम ने लालपुल और नृसिंह घाट क्षेत्र में चिह्नित किए अवैध ढांचों को गिराया। लालपुर क्षेत्र स्थित श्री स्वामी संदीपेंद्र आश्रम के निर्माणाधीन अवैध हिस्सों को ध्वस्त किया गया। नृसिंह घाट क्षेत्र में श्री क्षत्रिय कलोता समाज पारमार्थिक न्यास एवं अभा चंद्रवंशी समाज आश्रम के निर्माणाधीन परिसरों में नियमों के विरुद्ध किए गए निर्माण पर प्रशासन का बुलडोजर चला। अभियान का नेतृत्व नगर निगम के अपर आयुक्त संतोष टैगोर, एसडीएम एलएन गर्ग, और तहसीलदार शैफाली जैन ने किया।

यह कार्रवाई मुख्य रूप से उन पक्के निर्माणों पर की गई है जो पिछले सिंहस्थ (2016) के बाद अस्तित्व में आए थे। सिंहस्थ मेला क्षेत्र में साधु-संतों के डेरे, टेंट और लाखों श्रद्धालुओं की पार्किंग के लिए बड़ी मात्रा में खुली जगह की आवश्यकता होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए सिंहस्थ क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त बनाने का अभियान शुरू किया गया है ताकि मेले के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

कार्यवाही को लेकर अपर आयुक्त संतोष टैगोर ने बताया कि उन्हें जिला प्रशासन से सूची प्राप्त हुई थी कि सिंहस्थ क्षेत्र में अनाधिकृत निर्माण किया जा रहा है। आने वाले सिंहस्थ में व्यवधान उत्पन्न ना हो इसलिए इन अवैध निर्माण को तोड़ा जा रहा है। जिला प्रशासन और नगर निगम की यह संयुक्त कार्रवाई है । तीन बड़े स्ट्रक्चर तोड़े गए हैं । आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी। सभी को पहले नोटिस दे दिए गए थे। इस कार्रवाई में तीन बुलडोजर, एक पोकलेन मशीन व 70 कर्मचारी लगे हुए है