दवा बाजार में युवती को चाकू मारने वाले युवक के पुलिस से भागने के दौरान पांव टूटा
उज्जैन, 27 जून (इ खबर टुडे / ब्रजेश परमार)। नीलगंगा थाना अंतर्गत दवा बाजार में शुक्रवार दिनदहाड़े युवती पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने कुछ घंटे बाद घेर लिया। आरोपी भागने के लिए दीवार पर चढ़ गया लेकिन गिरने से उसका एक पैर टूट गया। पुलिस अभिरक्षा में उसका उपचार जारी है।
माधव नगर रेलवे स्टेशन रोड स्थित दवा बाजार में दयाल फार्मा में काम करने वाली पूजा उर्फ गुनगुन पिता रवि रजक 19 वर्ष निवासी बापूनगर शुक्रवार दोपहर में ड्यूटी पहुंची थी। उसी दौरान बाजार के परिसर में उसे ग्राम डेंडिया का रहने वाले सुनील पिता लालाराम जारोलिया ने रोक लिया । बात नहीं करने पर विवाद करते हुए ताबडतोड चाकू से वार करना शुरू कर दिये। चाकू के पांच गहरे घाव जो उसकी गर्दन, पेट , हाथ में लगने पर पूजा लहूलुहान हो गई। आसपास के लोग युवती को बचाने के लिए दौड़े तभी आरोपी सुनील मौके से भाग निकला। घटनास्थल पर काफी खून फैल गया था युवती को अस्पताल पहुंचाया गया। मामले की जानकारी लगते ही नीलगंगा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। हालत गंभीर होने पर युवती को चरक अस्पताल से रैफर किए जाने पर परिजन निजी अस्पताल लेकर पहुंचे।
घटनाक्रम की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा युवती के हालचाल जानने और परिजनों से मिलने अस्पताल पहुंचे। जहां उन्होंने हर संभव उपचार का आश्वासन परिजनों को दिया। आरोपी की तलाश में थाना प्रभारी तरुण कुरील ने टीम गठित की और भागने वाले रास्ते को ट्रेस किया। करीब 4 घंटे बाद आरोपी की इंजीनियरिंग कॉलेज के आसपास पुलिस ने घेराबंदी कर ली। आरोपी पुलिस से बचने के लिए ऊंची दीवार पर चढ़ गया । इस दौरान उसका संतुलन बिगड़ने से वह जमीन पर गिरा जिसके चलते उसका एक पैर टूट गया। पुलिस ने तत्काल उसे दबोचा और अस्पताल लेकर आई। डॉक्टर के परीक्षण में आरोपी सुनील के पैर में फैक्चर होना बताया है। पुलिस ने उसका अभिरक्षा में उपचार शुरू कराया है।
थाना प्रभारी कुरील के अनुसार घटनाक्रम सामने आने के बाद मामले में आरोपी सुनील के खिलाफ धारा 109(1), 118(1) एवं 351(3) भारतीय न्याय संहिता का प्रकरण दर्ज कर लिया गया था। पूरे घटनाक्रम का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें युवती पर आरोपी हमला करता दिखाई दे रहा है। घायल होने के उपरांत आरोपी सुनील पुलिस के कांधो के सहारे जिला अस्पताल लाया गया। इस दौरान वह यह कहता सूना गया कि मुझसे बहुत बडी गलती हुई,मुझे उसको चाकू नहीं मारने थे।
आरोपी सूनील ने अस्पताल में बताया कि उसका 4 साल से पूजा के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था लेकिन कुछ दिनों से उसने बात करना बंद कर दिया था। जिसके चलते वह दवा बाजार पहुंचा था। उसने पूजा को रोका और बात करने की कोशिश की लेकिन वह अपने रिश्तेदारों को बुलाने के लिए फोन लगाने लगी इसी के चलते उस पर चाकू से हमला किया। आरोपी का कहना था कि उसे अपनी गलती पर पछतावा है वह पूजा से बहुत प्यार करता है। इधर देर शाम तक पूजा की हालत निजी अस्पताल में नाजुक बनी हुई थी।

