Movie prime

 सिंहस्थ 2028 में 80 फीसदी आवागमन सडक मार्ग से होगा

 करीब 30 करोड श्रद्धालुओं के मोबिलिटी प्लान पर मंथन शुरू
 
 आयुक्त नगरीय प्रशासन संकेत भोंडवे एवं एडीजी राकेश गुप्ता ने दिए निर्देश
 

उज्जैन,11 अप्रैल (इ खबर टुडे / ब्रजेश परमार)। सिंहस्थ 2028 के लिए मोबिलिटी प्लानिंग,यातायात और लॉजिस्टिक्स व्यवस्था पर मंथन शुरू हो चुका है। इस दौरान लगभग 80 प्रतिशत यातायात सड़क मार्ग से होगा। लगभग 30 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए प्लान पर विचार किया गया है।  मेला कार्यालय के सभाकक्ष में शनिवार को इस पर गहन मंथन किया गया है।

सिंहस्थ 2028 में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा ,सुरक्षा और सुगम आवागमन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से तैयार की जा रही मोबिलिटी प्लानिंग,यातायात और लॉजिस्टिक्स व्यवस्था पर मंथन शुरू हो चुका है। शनिवार को आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग संकेत भोंडवे व एडीजी राकेश गुप्ता की अध्यक्षता में  इस व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की गई। 

ऐसा निकाला जाएगा डेटा
इसमें सिंहस्थ के दौरान अपेक्षित भीड़ और वाहनों का सुव्यवस्थित तरीके से प्रबंधन के लिए डेटा-आधारित एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने पर जोर दिया गया। दोनों आलाअधिकारियों ने निर्देश दिए कि सिंहस्थ महापर्व 2028 के दौरान उज्जैन में लगभग 30 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इनमें से लगभग 80 प्रतिशत यातायात सड़क मार्ग से होगा। इसलिए देवास और इंदौर से उज्जैन आने वाले प्रमुख मार्गों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाए। इन क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए ट्रैफिक सिमुलेशन (माइक्रोस्कोपिक एवं मेक्रोस्कोपिक) का उपयोग किया जाए। वाहनों का विस्तृत डेटा संग्रहण किया जाए। उज्जैन आवागमन के प्रमुख मार्गों पर सामान्य दिनों तथा विशेष पर्वों के दौरान प्रति घंटा गुजरने वाले वाहनों की संख्या का विश्लेषण किया जाए। बताया गया कि इंदौर-देवास रोड की नेटवर्किंग पर कार्य प्रगति पर है। दिन-रात के विभिन्न समयों में ट्रैफिक की संख्या में होने वाले परिवर्तनों को ध्यान में रखते हुए कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

लाजिस्टिक्स प्लानिंग में वैज्ञानिक तरीका
बैठक में सिंहस्थ से पहले और दौरान उज्जैन में आने वाली भीड़ का आंकलन कर कार्ययोजना बनाने पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए नवीन घाटों का निर्माण किया जा रहा है। लॉजिस्टिक्स प्लानिंग को पूरी तरह डेटा-ड्रिवन और वैज्ञानिक तरीके से किया जाएगा — जिसमें पहले मांग का सटीक अनुमान, फिर मॉडलिंग के माध्यम से पूर्वानुमान और अंत में रूटिंग एवं ट्रैफिक सिमुलेशन शामिल होगा।

सार्वजनिक स्थानों पर ईवी चार्जिंग लगेंगे
आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग श्री भोंडवे ने निर्देशित किया कि सिंहस्थ के अंतर्गत बनाए जा रहे प्रमुख मार्गों की रोड सेफ्टी ऑडिट समयबद्ध तरीके से कराई जाए। शहर और आसपास के प्रमुख ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए जाएं। अगले 6 माह में सभी मार्गों पर दिशा सूचक चिन्ह बोर्ड तथा वेरिएबल मैसेजिंग साइन अनिवार्य रूप से लगाए जाएं।

बैठक में विद्युत से चलने वाले वाहनों (ई-वाहनों) की बढ़ती उपयोगिता पर भी चर्चा हुई। सिंहस्थ एवं अन्य पर्वों के दौरान बाहर से आने वाले ई-वाहनों के लिए शासकीय कार्यालयों, मंदिरों, मॉल तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों के समीप पर्याप्त चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने का निर्णय लिया गया। इसे व्यापक समर्थन प्रदान किया जाएगा ताकि पर्यावरण अनुकूल यातायात को बढ़ावा मिल सके।