घर की इच्छा रखने वालों को अब जेब और ढीली करनी पड़ सकती है। जमीन के कलेक्टर रेट में बढ़ोतरी के बाद सरकार अब फ्लैट के दाम बढ़ाने की तैयारी कर रही है। यह बढ़ोतरी 10 प्रतिशत तक हो सकती है।
सूत्रों की मानें तो अफोर्डेबल हाउसिंग स्कीम के तहत फ्लैट की कीमतों में बढ़ोतरी से जुड़ा प्रस्ताव सोमवार को कैबिनेट बैठक में रखा जा सकता है। इससे बिल्डरों को फायदा होगा। सरकार डेवलपमेंट के लिए ई-भूमि पोर्टल पर लोगों की इच्छा से खरीदी जाने वाली जमीन पॉलिसी में बदलाव करेगी।
दरअलस, प्रदेश सरकार कलेक्टर रेट का तीन गुना रेट तक की शर्त हटाने की तैयारी में है। यदि ऐसा होता है तो जमीन बेचने वाला अपने हिसाब से रेट लगा पाएगा। वहीं सरकार
भी अपने हिसाब से खरीद सकेगी। वहीं फ्लैट की कीमत बढ़ने से लोगों की जेब पर अतिरिक्त भार पड़ेगा।
टीचर ट्रांसफर पॉलिसी पर लग सकती है मुहर
राज्य सरकार की ओर से टीचर ट्रांसफर पॉलिसी को बदला जा रहा है। अब नई पॉलिसी लागू होगी। पॉलिसी पर कैबिनेट में मुहर लगना तय माना जा रहा है। इसके बाद जेबीटी के 9 साल और अन्य कैडर के तीन साल से लंबित ट्रांसफर शुरू हो सकेंगे। अन्य विभागों के लिए बनी ट्रांसफर पॉलिसी में भी संशोधन किया जाएगा। सरकार वेयर हाउसिंग के लिए भी नई पॉलिसी लेकर आ रही है।


