बुंदेलखंड की बदलेगी तस्वीर, दो नए नेशनल हाईवे बनने से बढ़ेंगे प्रॉपर्टी के दाम
बुंदेलखंड की जल्द ही तस्वीर बदलने वाली है। यहां पर बनाए जा रहे दो नेशनल हाईवे सागर कानपुर नेशनल हाईवे तथा बुंदेलखंड विकास पथ का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। 2026 तक इन दोनों को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद बुंदेलखंड की तस्वीर और तकदीर दोनों ही बदल जाएंगी। यहां रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और बड़ा बदलाव होगा।
मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश में फैला बुंदेलखंड एक ऐसा क्षेत्र होगा, जो दोनों बड़े राज्यों के औद्योगिक शहरों को जोड़ने का काम करेगा। यह दोनों नेशनल हाईवे बुंदेलखंड की तस्वीर बदलेंगे, जिसका फायदा इन दोनों राज्यों को भी होगा। इन दोनों नेशनल हाईवे से आप मध्यप्रदेश के बुंदेलखंड, इंदौर, भोपाल, देवास और उत्तरप्रदेश के कानपुर, वाराणसी और लखनऊ जैसे बड़े शहरों से जुड़ जाएंगे। यह दोनों हाईवे जब बन जाएंगे तो इससे समय की बचत होगी। इन हाईवे से जाने पर जो शहर पड़ेंगे, उन तक पहुंचने में आधा समय लगेगा। इन दोनों हाईवे के निर्माण के बाद बुंदेलखंड के विकास के पंख लग जाएंगे। इसके अलावा यहां पर्यटन, लॉजिस्टिक, ट्रांसपोर्ट सेक्टर में बड़ा बदलाव हो जाएगा।
7-8 घंटे का सफर होगा केवल 3 घंटे में पूरा
इस समय सागर से कानपुर जाने के लिए सड़क या रेलमार्ग से 7 से 8 घंटे का समय लग जाता है। सागर-कानपुर हाईवे पूरा होने के बाद यह सफर केवल 3 घंटे में ही पूरा किया जा सकेगा। सागर से 112 किलोमीटर का कानपुर-सागर नेशनल हाईवे बनाया जा रहा है। इस पूरे प्रोजेक्ट को 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस समय यह नेशनल हाईवे दो लाइन का है। इस कारण यहां पर ट्रैफिक व्यवस्था की बहुत बड़ी समस्या है। कानपुर, वाराणसी, लखनऊ और इलाहाबाद जाने वाले वाहनों के कारण इस पर बहुत दबाव रहता है। आए दिन यहां जाम लगता रहता है।
व्यवसाय को मिलेगा बड़ा फायदा
इन दोनों नेशनल हाईवे के बनने से बुंदेलखंड को व्यावसायिक रूप से बड़ा लाभ होगा। इससे खजिन व्यवसाय को बढ़ावा मिलेगा और पर्यटन को भी पंख लगेंगे। मध्यप्रदेश के बुंदेलखंड में खजुराहो, ओरछा, पन्ना के पर्यटन व्यवसाय को इससे खासा लाभ होगा। वहीं उत्तरप्रदेश के बुंदेलखंड के झांसाी, चित्रकूट और महोबा के पर्यटन स्थल भी इससे कनेक्ट हो जाएंगे। नेशनल हाईवे के किनारे लॉजिस्टिक हब, ट्रांसपोर्ट व्यवसाय, कृषि और दूसरे व्यवसाय के बाजार भी आपस में जुड़ जाएंगे।