उड़ीसा सरकार की योजना से झारसुगुड़ा जिला के लोगों की किस्मत खुलने वाली है। यह उद्योग का हब बनने वाला है और सरकार की तरफ से इसके लिए योजना बना ली है। झारसुगुड़ा जिला अब हैंडलूम उद्योग के नए केंद्र के रूप में विकसित होने की ओर बढ़ रहा है। लखनपुर और भिकमपाली क्षेत्र के बुनकरों को देखते हुए ओडिशा सरकार ने लखनपुर को हैंडलूम हब बनाने का प्रस्ताव जिला प्रशासन से मांगा है।
हस्तकला एवं वस्त्र सचिव गुहा पूनम तापस कुमार ने कहा कि सरकार हैंडलूम को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं चला रही है और मुख्यमंत्री ने भी लोगों से सप्ताह में कम से कम एक दिन हैंडलूम वस्त्र पहनने का आह्वान किया है। सचिव ने अपने दो दिवसीय झारसुगुड़ा दौरे के दौरान जिलाधीश कार्यालय में समीक्षा बैठक की, जिसमें विकास, खेल, समन्वय और हैंडलूम से जुड़ी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
उन्होंने बताया कि झारसुगुड़ा का मास्टरप्लान तैयार किया जा रहा है, जिसमें बुनियादी ढांचे और आजीविका परियोजनाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस प्रक्रिया में जिले के औद्योगिक प्रतिष्ठानों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
अपने दौरे के दौरान सचिव ने झारसुगुड़ा जिला मुख्य चिकित्सालय का निरीक्षण भी किया और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली। बैठक में जिलाधिकारी कुणाल मोतीराम चौहान, आईएएस प्रोबेशनर प्रज्ञानंद गिरी सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

