कल तक हरियाणा में नहीं रहना चाहिए कोई भी पाकिस्तानी नागरिक, सीएम ने दिए निर्देश
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने भारत में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को 48 घंटे में ही भारत छोड़ने के निर्देश दिए थे। ऐसे में हरियाणा सरकार ने भी सभी जिलों के उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक को इन आदेशों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सभी जिलों के उपायुक्तों व पुलिस अधीक्षकों को निर्देश जारी करते हुए कहा कि रविवार तक हरियाणा में कोई भी पाकिस्तानी नागरिक नहीं रहना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने यह निर्देश सचिवालय में अधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा। उन्होंने कहा कि इन आदेशों का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए। इसके अलावा जो लोग पाकिस्तान से भारत इलाज करवाने आए हैं, उनको 29 अप्रैल तक का समय दिया गया है। उनको इस दौरान यहां से जाना होगा। इस प्रकार के आदेश केवल अस्थायी रुप से भारत में आए पाकिस्तानी नागरिकों के लिए है।
जो पाकिस्तानी लंबी अवधि के लिए वीजा, राजनयिक वीजा अथवा आधारिक वीजा रखते हैं, उन पर यह आदेश लागू नहीं होते। मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान कहा कि इस कायराना हमले में बहुत से निर्देश लोगों की जान गई है। ऐसे कृत्य को किसी भी सूरत में बर्दास्त नहीं किया जाएगा। 27 अप्रैल तक भारत में रह रहे पाकिस्तानियों को अपने देश लौटना होगा। इसलिए हरियाणा में भी इन आदेशों को सख्ती से लागू किया गया है। इसके अलावा हरियाणा के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में पढ़ रहे कश्मीरी विद्यार्थियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
1157 कश्मीरी विद्यार्थी पढ़ रहे हरियाणा में
मुख्यमंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा के विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं में 1157 कश्मीरी विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इन सभी की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
सभी जिलों में इन छात्रों की समस्याओं और चिंताओं को प्राथमिकता से सुलझाया जाए। इसके अलावा इन विद्यार्थियों को सुरक्षा और भरोसा दिया जाए।