उत्तर प्रदेश में बनेगा नया मेट्रो रेलवे स्टेशन, सर्वे हुआ पूरा
उप्र मेट्रो रेल कारपोरेशन (यूपीएमआरसी) ने प्रस्तावित रेलवे स्टेशन शास्त्रीनगर का सर्वे पूरा कर लिया है। यह स्टेशन खंदरी चौराहा पर बनेगा। इससे दयालबाग सौ फुटा रोड पर मेट्रो की लाइन जुड़ सकेगी। यूपीएमआरसी ने सर्वे कर शासन को रिपोर्ट भेज दी है। इस रेलवे स्टेशन का निर्माण कार्य मार्च 2027 में किया जाना प्रस्तावित है।
शहर में पहले कारिडोर में 13 और दूसरे कारिडोर में 14 मेट्रो स्टेशन हैं। इसमें 20 स्टेशन एलीवेटेड और सात भूमिगत हैं। यूपीएमआरसी ने भविष्य का मेट्रो स्टेशन चिन्हित किया है। यह स्टेशन शास्त्रीनगर होगा। इसका निर्माण सबसे बाद में होगा। यानी मार्च 2027 के बाद इसका कार्य चालू होगा।
अभी सर्वे कर लिया गया है। यह स्टेशन खंदरी चौराहा पर बनेगा। इससे एक लेन दयालबाग सौ फुटा रोड और दूसरी खंदारी कैंपस से होते हुए जिला जेल रोड की तरफ जाएगी। यूपीएमआरसी के एक अधिकारी ने बताया कि यह स्टेशन बनने से मेट्रो स्टेशन की संख्या 28 हो जाएगी। वहीं आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से धनौली गेट तक मेट्रो को जोड़ने का प्रस्ताव है। इसका जल्द सर्वे अलग से होगा।
खासकर नई दिल्ली-आगरा रेल लाइन पर पुल बनाने में कितना खर्च आएगा। इससे खेरिया एयरपोर्ट मेट्रो से जुड़ जाएगा।
चल रही है खोदाई
यूपीएमआरसी द्वारा एक साथ तीन प्रमुख रोड पर कार्य किया जा रहा है। इसमें नेशनल हाईवे-19 सिकंदरा तिराहा से खंदारी चौराहा तक, एमजी रोड और सुल्तानपुरा रोड शामिल है। दर्जनभर रिंग मशीनों का प्रयोग किया जा रहा है।
हर दिन निकलने वाली मिट्टी कुबेरपुर स्थित खत्ताघर भेजी जा रही है। अब तक 80 पिलर बन चुके हैं। इन सभी सड़कों पर एक 700 पिलर बनेंगे। यूपीएमआरसी के एक अधिकारी ने बताया कि तीन से चार रिंग मशीनों की संख्या और बढ़ने जा रही है। इससे खोदाई और भी जल्द हो सकेगी।