Indian Railway: नमो भारत ट्रेन मेरठ शहर तक चलेगी, तैयारियों को दिया अंतिम रूप
Namo Bharat Train: दिल्ली के न्यू अशोक नगर से मेरठ की सीमा पर स्थित मेरठ साउथ स्टेशन तक की 55 किमी की दूरी तय कर रही नमो भारत ट्रेन को मेरठ शहर के अंदर लाने की तैयारी अब अंतिम चरण में पहुंच गई है।
अधिकारियों ने बताया कि मेरठ साउथ से मोदीपुरम की ओर नमो भारत का अगला स्टेशन 6 किमी की दूरी पर शताब्दी नगर है। इस स्टेशन के निर्माण और फिनिशिंग से जुड़े काम लगभग पूरे हो गए हैं।
इस छह किलोमीटर के खंड तक ट्रैक बिछाया जा चुका है। इस पर नमो भारत और मेरठ मेट्रो का ट्रायल शताब्दी नगर स्टेशन पर नमो भारत और मेरठ मेट्रो, दोनों का स्टॉप होगा। यात्रियों को इस स्टेशन पर पार्किंग की सुविधा भी मिलेगी।
इस स्टेशन में यात्रियों के आने-जाने के लिए दो एंट्री-एग्जिट हैं, जोकि लगभग तैयार हैं। मेरठ साउथ से चलने के बाद नमो भारत ट्रेन शताब्दी नगर ही रुकेगी। स्टेशन संचालित होने से हापुड़ की तरफ जाने वालों को भी फायदा मिलेगा जो बिजली बंवा बाईपास से हापुड़ की तरफ जाते हैं। इसके अलावा ब्रह्मपुरी, रेल विहार (रिठानी), पंचवटी एन्कलेव, सुपरटेक पाम ग्रीन सोसायटी, जलवायु टॉवर आदि में रहने वालों को भी स्टेशन संचालित होने से लाभ होगा।
मेरठ साउथ के बाद मेरठ मेट्रो का अगला स्टॉप परतापुर मेट्रो स्टेशन है। इस स्टेशन पर फिनिशिंग कार्य जारी है। इस स्टेशन पर नमो भारत का स्टॉप नहीं होगा। परतापुर स्टेशन के पास में ही भारतीय रेलवे का परतापुर रेलवे स्टेशन भी है।