Haryana news : आज नायब सरकार का एक साल पूरा, एक साल में संकल्प पत्र के 217 में से 46 वादे पूरे किए
सीएम नायब सिंह सैनी की अगुवाई वाली सरकार को आज एक साल पूरा हो गया है। इस दौरान विधानसभा चुनाव के संकल्प-पत्र के 217 में से 46 वादे पूरा किए गए। 158 पर काम चल रहा है। चालू वित्त वर्ष में 90 संकल्प पूरे कर लिए जाएंगे। नायब सिंह ने आमजन की सत्ता तक पहुंच बनाने के लिए सीएम आवास के दरवाजे 24 घंटे जनता के लिए खोले।
सीएम नायब सिंह सैनी ने सरकार बनते ही 24 हजार युवाओं को नौकरी के ज्वॉइनिंग लेटर देने के अलावा ग्रुप-ए व बी के 1311 अधिकारियों की भी भर्ती की। सभी नागरिक अस्पतालों व मेडिकल कॉलेजों में किडनी रोगियों के लिए मुफ्त डायलिसिस सेवाएं दी जा रही हैं।
पहले विधानसभा सत्र में ही अनुबंधित कर्मचारियों, तकनीकी शिक्षा, अतिथि संकाय, कॉलेजों के एक्सटेंशन लेक्चरर व अतिथि प्राध्यापकों को सेवा सुरक्षा प्रदान की। हरियाणा अकेला ऐसा राज्य बना, जहां 24 फसलें एमएसपी पर खरीदी जा रही हैं। पेमेंट 48 घंटे में दी जा रही है। पट्टेदारों को भूमि का मालिकाना हक दिया। 15 लाख से अधिक अंत्योदय व बीपीएल परिवारों को 500 रुपए में
गैस सिलेंडर दिया जा रहा है। 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को 5 लाख रुपए तक का निशुल्क इलाज मिल रहा है। बीपीएल परिवारों के वरिष्ठ नागरिकों की मोतियाबिंद सर्जरी मुफ्त हो रही है। मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना में माता वैष्णो देवी और शिरडी साईं मंदिर की दर्शन यात्रा को भी शामिल किया।
समाधान शिविरों से 75 हजार व जनसंवाद पोर्टल से 45 हजार से अधिक शिकायतों का समाधान किया। नियमित महिला कर्मचारियों की छुट्टियां प्रतिवर्ष 20 से बढ़ाकर 25 कीं। एचकेआरएन में कार्यरत महिला कर्मचारियों की छुट्टियां 10 से बढ़ाकर 22 कीं। नकली खाद, बीज, कीटनाशक बनाने-बेचने वालों को 5 साल की सजा के प्रावधान का कानून लागू किया। अग्निवीर को नौकरी की गांरटी दी। डंकी रूट से विदेश भेजने वाले एजेंटों पर शिकंजा कसने के लिए कानून बनाया है। 8 डेडिकेटेड एनडीपीएस फास्ट ट्रैक कोर्ट की अधिसूचना जारी की जा चुकी है।

