Movie prime

हरियाणा में गरीब महिलाओं के लिए खुशखबरी, मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के अंतर्गत प्रदेश की महिलाओं को दिए जाएंगे लोन

 

गरीब महिलाओं को अब स्वरोजगार के लिए बैंकों से आसानी से ऋण मिल जाएगा। मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के अंतर्गत पूरे प्रदेश में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। 31 मार्च तक 25 हजार महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य है। अब तक राज्य में एक लाख छह हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बृहस्पतिवार को संकल्प पत्र की प्रगति को लेकर विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार के साथ चार विभागों विकास एवं पंचायत, ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास और खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभागों के संकल्पों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी संकल्प समयबद्ध तरीके से लागू किए जाएं ताकि जनता को वास्तविक लाभ मिल सके।

'हर घर-हर गृहिणी' योजना की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों में विशेष कैंप लगाकर पात्र परिवारों को योजना से जोड़ा जाए। कैंप में ही बैंक खाता लिंक कराने की व्यवस्था हो ताकि सभी पात्र अंत्योदय परिवारों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध हो सके। अब तक लगभग 18 लाख परिवार इस योजना से जुड़ चुके हैं। बैठक में बताया गया कि कामकाजी महिलाओं को सुरक्षित आवास प्रदान करने के लिए हर जिले में महिला छात्रावास स्थापित करने की योजना है।

पहले चरण में चार जिलों पंचकूला, फरीदाबाद, गुरुग्राम और सोनीपत में महिला छात्रावास का निर्माण प्रक्रियाधीन है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला छात्रावासों को सौर ऊर्जा से जोड़ा जाए और इन भवनों में वातानुकूलित सुविधा भी प्रदान की जाए। अगले चरण में मानेसर व पानीपत में महिला छात्रावास स्थापित किए जाएंगे।