मुख्यमंत्री ने दिया पुलिस कर्मचारियों को तोहफा, सेमी-डिलक्स बसों में फ्री यात्रा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पुलिस कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं की। उन्होंने पुलिस कर्मचारियों को सेमी-डिलक्स बसों में फ्री यात्रा की सुविधा, वर्दी और मेस भत्ता बढ़ाने की घोषणा की। इसके अलावा उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मचारियों का समय पर प्रमोशन हो सकेगा। मुख्यमंत्री बुधवार को राजस्थान पुलिस एकेडमी में पुलिस स्थापना दिवस के मौके पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पुलिस कर्मचारियों के लिए वर्दी भत्ता और मेस भत्ता बढ़ाने की घोषणा की। पुलिस कर्मचारियों का वर्दी भत्ता 7 हजार रुपये से बढ़ाकर 8 हजार रुपये किया गया। वहीं सिपाही और इंस्पेक्टर स्तर तक के पुलिस कर्मचारियों के लिए मेस भत्ता 2400 रुपये से बढ़ाकर 2700 रुपये करने की घोषणा की गई। इसके अलावा उन्होंने सिपाही से लेकर इंस्पेक्टर स्तर के पुलिस कर्मचारियों को अब राजस्थान रोडवेज की सेमी डिलक्स बसों में भी फ्री यात्रा की सुविधा दी। राजस्थान में अब तक पुलिस कर्मचारियों को एक्सप्रेस सेवा की बसों में ही फ्री यात्रा की सुविधा है। पुलिस के काम से प्रदेश या प्रदेश से बाहर जाने पर यह सुविधा मिलती है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम में परेड की सलामी ली।
अन्य कर्मचारियों के भत्तों में भी बढ़ोतरी के संकेत
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पुलिस के अलावा जेल कर्मचारियों, होमगार्ड, नर्सिंग कर्मचारियों, पैरा मेडिकल स्टाफ, वन कर्मचारियों और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के भत्तों में भी बढ़ोतरी के संकेत दिए। इसके अलावा पुलिस कर्मचारियों के समय पर प्रमोशन के लिए उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया।
भत्ता नहीं बढ़ने से पुलिस कर्मचारियों में थी नाराजगी
इस साल राजस्थान सरकार ने जो बजट पेश किया था, उसमें पुलिस कर्मचारियों का वर्दी भत्ता और मेस भत्ता बढ़ाने पर कोई बात नहीं की। ऐसे में पुलिस कर्मचारियों में सरकार के प्रति नाराजगी थी। इसके अलावा मेस के बहिष्कार को लेकर भी काफी विवाद हुआ था। बाद में पुलिस अधिकारियों को इस मामले को शांत करवाने के लिए लगाया था। मुख्यमंत्री ने बुधवार को पुलिस कर्मचारियों की इन मांगों को पूरा कर दिया। इससे पुलिस कर्मचारियों में खुशी का माहौल रहा।