Movie prime

 रतलाम में बड़ा हमला: मंगेतर से मिलकर लौट रहे युवकों पर पथराव व लाठी से हमला, दो की मौत, एक गंभीर

 

 

रतलाम, 03 सितंबर (इ खबर टुडे)। रतलाम जिले के सैलाना थाना क्षेत्र अंतर्गत बुधवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मंगेतर से मिलकर बाइक से लौट रहे तीन युवकों पर अज्ञात बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।

पुलिस के अनुसार घायल करण ने बताया कि वह अपने साथी रमेश और गोपाल के साथ बाइक पर रमेश की मंगेतर से मिलने दौलतपुरा गया था। वहां से लौटते समय भैरूघाटा के पास सड़क किनारे मौजूद 10 से 12 अज्ञात लोगों ने उन पर अचानक पत्थरों से पथराव शुरू कर दिया। युवकों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन आगे बदमाशों ने उन्हें रोककर लाठियों और पत्थरों से बुरी तरह पीटा।

​हमले में दो की मौत, एक ने भागकर बचाई जान
हमले के दौरान सिर में गंभीर चोटें आने से ​रमेश (18) पिता वरसिंह भाभर, निवासी धभाईखेड़ी (अडवानिया) की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल गोपाल (16) पिता गोवर्धन चरपोटा ने सैलाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तीसरा साथी ​ घायल करण (17) पिता मनसुख मईड़ा किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकला और डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी।

​मामला दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और हमले के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।