रतलाम / युवको ने शराब दुकान में घुसकर मचाई तोड़फोड़, महंगी शराब को किया नष्ट, आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज
रतलाम, 13 फरवरी (इ खबर टुडे)। जिले के रावटी थाना क्षेत्र अंतर्गत दोस्तों के साथ आए एक युवक ने शराब दुकान के अंदर घुसकर तोड़फोड़ मचा दी। आरोपी ने दुकान के अंदर रखी महंगी शराब को कुल्हाड़ी से मारकर नष्ट कर दिया। घटना का वीडियो भी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। आरोपियों के विरुद्ध पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच में जुट गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शराब दुकान पर काम करने वाले सेल्समैन ने पुलिस को बताया कि वह ग्राम रावटी की कम्पोजिट देशी विदेशी शराब दुकान पर काम करता है। बीती रात गुरुवार को करीब 9:30 बजे दुकान का हिसाब किताब कर रहा था तभी आरोपी बद्री डोडियार निवासी मलवासी और अर्जुन अग्रवाल निवासी हरथल दुकान पर आए और गाली गलौज करने लगे। गाली देने से रोकने पर अर्जुन अग्रवाल दुकान के अंदर घुसा और दुकान पर रखी महंगी शराब की बोतलों को कुल्हाड़ी से फोड़ने लगा। आरोपी ने करीब 90,000 रुपए की शराब बोतलों का नुकसान कर दिया। आरोपी के पास कुल्हाड़ी देख सेल्समेन डर के मारे दुकान के बाहर निकल गया। फरियादी के अनुसार, बाहर खड़े आरोपी ने भी धमकी दी कि यदि हर सप्ताह शराब या पैसे नहीं दिए गए तो जान से खत्म कर दिया जाएगा। शोर-शराबा सुनकर दुकान पर कार्यरत अन्य कर्मचारी और पास की दुकान के कर्मचारी मौके पर पहुंचे, जिन्होंने घटना देखी।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो
शराब की दुकान में घुसे आरोपी और शराब की बोतले को तोड़फोड़ करने का वीडियो भी दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज में रिकॉर्ड हो गया, जो की जमकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आरोपियों ने शराब की बोतलों को तोड़फोड़ करने के बाद दुकान के बाहर आए और साथी मुन्नालाल मईडा उसके साथ अन्य दोस्त के साथ मोटरसाइकिल बैठकर चारों चले गए। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।

