Movie prime

रतलाम / संदिग्ध अवस्था में मिला युवक का खून से सना शव, हत्या की आशंका

 

 

रतलाम, 18 अप्रैल (इ खबर टुडे)। जिले के बाजना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डाबर में शनिवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक 35 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में गांव के पास पड़ा मिला। मृतक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान तेजा 35 वर्षीय, पिता नाकु डोडियार, निवासी ग्राम डाबर के रूप में हुई है। शनिवार सुबह जब ग्रामीणों ने तेजा का शव जमीन पर पड़ा देखा, तो क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक के चेहरे और कान के पास से काफी खून बहा हुआ था और शरीर पर चोटों के निशान थे।

​घटना की सूचना मिलते ही बाजना थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि तेजा आखिरी बार किसके साथ देखा गया था।

​हत्या की आशंका
​शव की स्थिति और चेहरे पर आई गंभीर चोटों को देखते हुए ग्रामीण और परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।

​थाना प्रभारी मनीष डावर का कहना है कि ​"हमें डाबर गांव में एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शुरुआती जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।"