रतलाम / छेड़छाड़ की पुरानी रंजिश में युवक की चाकू घोंपकर हत्या, 36 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
रतलाम, 05अगस्त (इ खबर टुडे)। जिले के बड़ावदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिंदुरकिया में हुई अंधेकत्ल की गुत्थी को बड़ावदा पुलिस ने 24 से 36 घंटे के भीतर सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार चाकू भी बरामद कर लिया है। हत्या की वजह छह माह पूर्व हुई छेड़छाड़ की घटना से जुड़ी रंजिश बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने प्रेस वार्ता कर बताया कि, दो दिन पूर्व मंगलवार को ग्राम सिंदुरकिया स्थित मिडिल स्कूल के पास बापूसिंह की पड़त भूमि पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब जांच शुरू की, तो मृतक की पहचान शहनवाज उर्फ साहिल पिता शहजाद शाह (निवासी सिंदुरकिया) के रूप में हुई। शरीर पर धारदार हथियार के निशान मिलने से मामला हत्या का प्रतीत हुआ, जिसके बाद शव का पोस्टमार्टम जावरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराकर मामला दर्ज किया गया।
सीसीटीवी और साइबर सेल से मिला सुराग
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, एएसपी विवेक कुमार लाल, एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय व एसडीओपी आलोट पल्लवी गौर के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और साइबर सेल के तकनीकी इनपुट व मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्ध की पहचान की। घेराबंदी कर पुलिस ने आरोपी ईश्वर उर्फ छोटू पिता रामचन्द्र आद्रा (19 वर्ष, निवासी सिंदुरकिया) को हिरासत में लिया।
यह बनी हत्या की वजह
सख्त पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि करीब छह माह पूर्व मृतक शहनवाज ने आरोपी की भाभी के साथ छेड़छाड़ की थी, जिसका मामला न्यायालय में विचाराधीन है। मृतक अक्सर गांव में इस बात को लेकर छींटाकशी करता था, जिससे आरोपी नाराज था। घटना के दिन भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आक्रोशित होकर आरोपी ने चाकू से वार कर शहनवाज की हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू जब्त कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस अंधी हत्या का पर्दाफाश करने में बड़ावदा थाना पुलिस व साइबर सेल की टीम की सराहनीय भूमिका रही।

