Movie prime

रतलाम/ अन्नकूट की प्रसादी लेने जा रहे युवक पर चाकू से हमला, मौत

​CCTV में तीन बाइक सवार संदिग्ध दिखे; परिचितों पर भी पुलिस को संदेह
 

​रतलाम,19 नवंबर (इ खबर टुडे)। जिले के बांगरोद के स्टेशन रोड निवासी तेजपाल (24) पिता ईश्वरलाल पाटीदार पर अज्ञात बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, यह घटना रेलवे स्टेशन से आगे गैस एजेंसी के पास हुई। हमले में तेजपाल के बाएं हाथ की तरफ सीने पर, सीने के नीचे, दाएं हाथ की तरफ पेट और गले पर चाकू के गंभीर वार लगे थे। सीने और गले में गहरे घाव होने के कारण उसकी जान नहीं बच सकी। 

बताया जा रहा है कि तेजपाल खेत की ओर से बांगरोद में आयोजित अन्नकूट की प्रसादी लेने के लिए निकला था। यह वारदात जड़वासा रोड पर बांगरोद से करीब एक किलोमीटर दूर सड़क से 10 से 15 फीट अंदर खेत में हुई। हमले के दौरान जब तेजपाल ने शोर मचाया, तो आसपास से गुजर रहे लोग मौके पर रुकने लगे। लोगों को आता देख हमलावर वहां से भाग निकले। 

घटनास्थल पर तेजपाल की बाइक सड़क पर लॉक मिली, जबकि उसका मोबाइल फोन घटनास्थल से करीब 20 फीट दूर पड़ा मिला। बाइक लॉक मिलने और युवक के खेत के भीतर पाए जाने के आधार पर पुलिस को आशंका है कि हमलावर उसके परिचित हो सकते हैं, जिन्होंने संभवतः उसे रास्ते में रोककर खेत की ओर बुलाया हो। हालांकि, हमले के पीछे के कारणों और आरोपियों की पहचान को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।  

​CCTV में दिखे संदिग्ध, कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलते ही बांगरोद चौकी प्रभारी वीटी जोशी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए एएसपी विवेक कुमार, एसडीओपी किशोर पाटनवाला और टीआई आनंद सिंह आजाद ने भी मौके का निरीक्षण किया।  

​एएसपी विवेक कुमार ने नामली थाने के सीसीटीवी कंट्रोल रूम में फुटेज की जांच की, जिसमें तीन बाइकों पर सवार कुछ संदिग्ध नजर आए हैं। पुलिस उनकी गतिविधियों और आवाजाही के मार्गों की जानकारी जुटा रही है। इसके साथ ही मृतक के मोबाइल की अंतिम कॉल और कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है। उधर, मेडिकल कॉलेज में युवक की मौत की खबर मिलते ही पाटीदार समाज के लोगों और आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।