Movie prime

 रतलाम में बड़ा हादसा: चलती ट्रेन पकड़ने की कोशिश में गई युवक की जान, बैग से मिले 4 लाख रुपए

 
 

रतलाम,11अप्रैल(इ खबर टुडे)। दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर स्थित रतलाम रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-4 पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया। अमृतसर से बांद्रा टर्मिनस की ओर जा रही गोल्डन टेम्पल एक्सप्रेस (12904) में चढ़ने की कोशिश करते समय एक 40 वर्षीय युवक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच के अंतराल (गैप) में जा गिरा। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

​जानकारी के अनुसार, घटना बीते दिन 10 अप्रैल  की दोपहर करीब 2:30 बजे की है। मृतक की पहचान दाऊद बैग (पिता अयाज बैग), निवासी बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। चश्मदीदों के मुताबिक, जब ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर 4 से रवाना होने लगी, तब दाऊद दौड़कर कोच के गेट पर चढ़ने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान उसका हाथ फिसल गया और वह गेट पर लटक गया। ट्रेन की रफ्तार बढ़ते ही वह खुद को संभाल नहीं पाया और प्लेटफॉर्म के नीचे जा फंसा। यह पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसका फुटेज अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

​बैग से मिले 4 लाख नकद और आधार कार्ड
​हादसे के तुरंत बाद जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और ट्रेन को रुकवाया गया। पुलिस को कोच में मृतक की सीट के पास दो बैग मिले। तलाशी लेने पर एक बैग में 4 लाख रुपए नकद, कपड़े, मोबाइल फोन और एक आधार कार्ड बरामद हुआ। आधार कार्ड के जरिए ही पुलिस ने मृतक की शिनाख्त की और परिजनों को सूचना दी।

मुंबई में रहता था परिवार

 बरेली से लौट रहा था दाऊद
​परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, दाऊद बैग मूल रूप से बरेली के जोगी नवादा क्षेत्र का रहने वाला था, लेकिन पिछले काफी समय से महाराष्ट्र के ठाणे (मुंब्रा) में रहकर इवेंट मैनेजमेंट और कैटरिंग का काम करता था। वह कुछ दिन पहले ही किसी काम से बरेली गया था और दिल्ली होते हुए वापस मुंबई लौट रहा था।

​पोस्टमार्टम के बाद भाई को सौंपा शव और सामान
​शनिवार को मृतक का भाई फैज बैग रतलाम पहुंचा और शव की शिनाख्त की। जीआरपी के जांच अधिकारी प्रधान रक्षक महेंद्र सिंह ने बताया कि शनिवार को मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम कराने के बाद दाऊद का शव परिजनों को सौंप दिया गया। साथ ही, बैग में मिले 4 लाख रुपए, मोबाइल और अन्य सामान भी सुपुर्द कर दिए गए। परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए मुंब्रा (महाराष्ट्र) ले गए हैं।