रामायण फिल्म को अन्तर्राष्ट्रिय स्तर पर सफलता दिलाने में रतलाम के युवा डिजाइनर भुवनेश की है बडी भूमिका
रतलाम,20 नवंबर (इ खबरटुडे)। अन्तर्राष्ट्रिय स्तर पर सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही फिल्म रामायण के दृश्यों को भव्यता देने और हैरान करने वाले दृश्यों की कल्पना को साकार करने में रतलाम के एक युवा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। रतलाम के इस युवक ने अपनी योग्यता से अन्तर्राष्ट्रिय ख्यातिप्राप्त विदेशी तकनीशियनों को भी अपना प्रशंसक बना लिया है। रामायण फिल्म में रावण का विराट सिंहासन हो या पुष्पक विमान,इस तरह के अद्भुत दृश्यों की कल्पना को इसी युवक ने साकार किया है।

बीते करीब तीन वर्षों से लगातार रामायण फिल्म के निर्माण में सहयोग कर रहे और रामायण फिल्म की कान्सेप्ट डिजाइनर टीम के महत्वपूर्ण सदस्य बन चुके भुवनेश काले दीवाली मनाने रतलाम आए थे और इन दिनों अपने घर से ही रामायण के अगले भाग के प्री प्रोडक्शन के काम में जुटे है। भुवनेश ने रामायण फिल्म के निर्माण में अपनी भूमिका के बारे में इ खबरटुडे से विस्तार से चर्चा की। रतलाम के गौशाला रोड क्षेत्र के निवासी भुवनेश का नाम रामायण फिल्म के टाइटल में तीन अलग अलग स्थानों पर उल्लेखित है। भुवनेश रामायण फिल्म की कान्सेप्ट डिजाइन टीम के सदस्य तो थे ही,इसके अलावा उन्होने रामायण फिल्म की एडीटिंग टीम और पोस्टर डिजाइन टीम में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसी वजह से फिल्म के टाइटल में इन तीनों टीमों में भुवनेश का नाम दर्ज है।
इ खबरटुडे से चर्चा में उन्होने बताया कि कोरोना काल के बाद में वे घर पर रहकर ही ग्र्राफिक डिजाइनिंग इत्यादि के काम फ्री लांसर के तौर पर कर रहे थे। इसी दौरान उन्होने दुनिया में बन रही अन्तर्राष्ट्रिय स्तर की बडी फिल्मों की टीम मेंं से किए एक टीम के साथ जुडकर काम करने का सपना देखा था। इसके लिए भुवनेश ने रामायण,कल्कि,वाराणसी जैसी फिल्मों की एक लिस्ट बनाई थी। उनकी योजना थी कि इन फिल्मों के प्रोडक्शन हाउसेस को अपना रिज्यूमे भेजकर उनसे सम्पर्क किया जाए ताकि वे किसी टीम से जुड सके।
भुवनेश ने बताया कि वर्ष 2022 में रतलाम में एक वेबसीरीज की शूटिंग हुई थी। इस वेब सीरीज के डायरेक्टर अंकुर वर्मा थे। इन्होने ही डेल्ही बेली फिल्म को भी डायरेक्ट किया था। वेबसीरीज की शूटिंग के दौरान भुवनेश इस बेवसीरीज की टैक्निकल टीम के साथ जुडकर उनके साथ काम करते रहे थे। वेबसीरीज की शूटिंग समाप्त होने के बाद वे फिर से अपने फ्रीलांस कामों में लग गए थे।

भुवनेश ने बताया कि वेबसीरीज की शूटिंग समाप्त होने के कुछ दिनों बाद उनके पास जनवरी 2024 में अचानक एक फोन आया। यह फोनकाल विश्वप्रसिद्ध वीएफएक्स स्टुडियो डीएनइजी(DNEG ) की ओर से आया था। यह वही प्रसिद्ध वीएफएक्स स्टुडियो है,जो अपने वीएफएक्स के लिए अब तक आठ आस्कर अवार्ड जीत चुका है। भुवनेश को कहा गया कि अगर वह डीएनइजी (DNEG ) में काम करना चाहते है तो दो दिन में मुंबई पंहुचे। दो दिन के अल्टीमेटम पर मुंबई जाने का भुवनेश का मन नहीं थी,लेकिन उन्हे पता चला कि यह कंपनी रामायण फिल्म पर काम कर रही है। भुवनेश ने अपनी जो विश लिस्ट बनाई थी,उसमें पहला नाम रामायण फिल्म का ही था। बस फिर क्या था,भुवनेश फौरन मुंबई के लिए रवाना हो गए।
शुरुआती संघर्ष के बाद मिली सफलता
भुवनेश ने बताया कि मुंबई में शुरुआती छ: महीने बेहद संघर्षभरे थे। नाममात्र के वेतन पर उनसे स्टुडियो के छोटे मोटे काम करवाए जा रहे थे। लेकिन दो ढाई महीने में ही भुवनेश ने अपनी योग्यता से डीएनइजी (DNEG ) के बडे बडे टैक्निशियन्स को प्रभावित कर दिया। उन्हे जल्दी ही रामायण फिल्म की कान्सेप्ट डिजाइनिंग टीम में ले लिया गया।
भुवनेश ने बताया कि रामायण को बडे विशाल स्केल पर बनाया जा रहा था,इसलिए फिल्म के प्रत्येक दृश्य में भव्यता तो दिखानी ही थी,परन्तु प्रत्येक दृश्य को इस तरह भी बनाना था ताकि वह वास्तविक लगे। जैसे दण्डकारण्य के श्रापित वन के दृश्यों में श्रापित पेड,उनकी शाखाएं इस तरह डिजाइन करना थी,कि वह सचमुच में श्रापित दिखाई दे। कुबेर की लंका के दो सौ फीट उंचे मुख्य द्वार को भी इस तरह बनाना था कि वह वास्तविक लगे। इस तरह के तमाम दृश्यों को तैयार करने में भुवनेश ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

भुवनेश ने बताया कि फिल्म के दिखाए गए रावण के भव्य सिंहासन को बनाने के लिए पहले भुवनेश द्वारा उसका एक स्कैच तैयार किया जाता था। फिर उसेे वीएफएक्स टीम को दिया जाता था। वीएफएक्स टीम द्वारा सिंहासन को तैयार करने के बाद फिर से भुवनेश को दिखाया जाता था कि कंही उसमेंं सुधार की और गुंजाइश हो तो उसे किया जा सके। सिंहासन का डिजाइन पूरी तरह तैयार होने के बाद उसे फिल्म के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा और डायरेक्टर नितेश तिवारी को दिखाया जाता था। उनके द्वारा उस डिजाइन को फाइनल करने के बाद उसे फिल्म में शामिल कर लिया जाता था।
भुवनेश के मुताबिक रावण का पुष्पक विमान,रावण के अस्त्र शस्त्र,जटायू के घाव जैसे अनेक दृश्यों का कान्सेप्ट उन्होने ही तैयार किया था। लेकिन इसी के साथ भुवनेश को फिल्म की एडिटींग टीम के साथ जुडकर एडिटिंग में भी मदद करना पडती थी। फिल्म के पोस्ट प्रोडक्शन के दौरान भी भुवनेश का काम खत्म नहीं हुआ। बल्कि उनकी योग्यता का उपयोग फिल्म की सोशल मीडीया मार्केटिंग और पोस्टर डिजाइनिंग में भी जमकर किया गया। भुवनेश ने बताया कि फिल्म निर्माण के दौरान वह कई कई दिनों तक घर नहीं जा पाते थे और स्टुडियों में ही सोया करते थे। कई कई दिनों तक उन्हे अपने कपडे बदलने तक का समय नहीं मिलता था।
अन्तर्राष्ट्रिय ख्याति प्राप्त लोगों का मिला स्नेह
भुवनेश ने बताया कि फिल्म के शुरुआती दिनों के संघर्ष के बाद जैसे जैसे उनकी योग्यता का परिचय अन्य वरिष्ठ लोगों को मिलने लगा तो फिर भुवनेश को उनका स्नेह भी मिलने लगा। डीएनइजी (DNEG ) के सुपरवाइजिंग प्रोडक्शन डिज़ाइनर रेमदे एवरे और प्राइम फोकस स्टुडियों के सुपरवाइजिंग आर्ट डायरेक्टर डेविड लाजान जैसे विश्व प्रसिद्ध टैक्निशियन भी उन्हे अपना स्नेह देते थे। भुवनेश अपने आप को भाग्यशाली मानते है कि उन्हे इतने प्रसिद्ध लोगों से सीखने का मौका मिला। फिल्म निर्माण के दौरान भुवनेश को फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा और यश ï डायरेक्टर नितेश तिवारी भी भुवनेश के प्रशसंकों में शामिल हो चुके है।
जारी है रामायण के अगले भाग की तैयारी
फिल्म रिलीज के बाद दीवाली मनाने रतलाम आए भुवनेश अभी तक मुंबई नहीं लौटे है,लेकिन वे रामायण के अगले भाग की तैयारियों में लग चुके है। इन दिनों वे घर से ही रामायण के अगले भाग के लिए कान्सेप्ट डिजाइइनंग का काम कर रहे हैैं। उनका कहना है किरामायण से जुडे अधिकांश टैक्निशियंस और डिजाइनिंग वालों को काम से मुक्त कर दिया गया है,लेकिन भुवनेश को नहीं हटाया गया है। वे लगातार काम कर रहे हैैं। उनके मुताबिक रामायण का अगला भाग पहले 2027 में लाए जाने की तैयारी थी,लेकिन अब इसे 2028 में रिलीज करने की योजना है।
रतलाम में ही हुई स्कूली शिक्षा
अपने प्रारंभिक दिनों के बारे में बताते हुए भुवनेश ने बताया कि उनकी स्कूली शिक्षा रतलाम के ही केन्द्रीय विद्यालय में हुई। उन्होने उच्च गणित और विज्ञान विषय से बारहवीं की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। लेकिन उनकी रुचि बचपन से चित्रकला में थी। वे इंजीनियर नहीं बनना चाहते थे। उन्हे चित्रकला और डिजाइनिंग जैसे विषयों की पढाई का शौक था। उनके पिता मनोज काले स्वयं एक कैरियर काउंसलर है। भुवनेश के शौक को देखते हुए उनके माता पिता श्रीमती सुनन्दा और मनोज काले ने उन्हे इसी क्षेत्र में आगे बढने के लिए प्रोत्साहित किया । भुवनेश ने वर्ष 2017 में प्रसिद्ध निर्देशक सुभाष घई द्वारा संचालित "विसिलिंग गुड्स इन्टरनेशनल" में एडमिशन लिया,जहां से उन्होने बैचलर आफ आर्ट्स इन एनिमेशन फिल्म मेकींग एण्ड डिजाइन की डिग्र्री प्राप्त की है।

