श्रमिकों की सुरक्षा के लिए “श्रम प्रहरी” पहल शुरू/ श्रमिकों की सुरक्षा के लिए जारी किया गया टोल फ्री नंबर
रतलाम 10 अगस्त (इ खबर टुडे )। श्रम पदाधिकारी ने बताया कि अपंजीकृत अथवा असुरक्षित रूप से संचालित निर्माण कार्य एवं प्रतिष्ठानों पर श्रमिकों की सुरक्षा हेतु शासन द्वारा श्रम प्रहरी पहल शुरू की गई है, इसके अंतर्गत आम नागरिक भी बिना रजिस्ट्रेशन वाले, निर्माण कार्यों में सुरक्षा के मानकों के पालन की स्थिति से श्रम विभाग को टोल फ्री नंबर 1800 233 888 पर या ईमेल आईडी commlab@nic.in या श्रम विभाग पोर्टल पर अवगत करा सकते हैं।
श्रम प्रहरी एक आम नागरिक है जो श्रमिकों की सुरक्षा एवं उनके अधिकारों की रक्षा में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यदि कहीं बाल श्रम, बंधक श्रम, असुरक्षित कार्य परिस्थितियां अपंजीकृत संस्थान/निर्माण कार्य या श्रम कानूनों का उल्लंघन दिखाई देता है तो इसकी सूचना श्रम विभाग को दें सकते है।
श्रम पदाधिकारी ने बताया कि आपकी एक सूचना श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा, सुरक्षित कार्य परिस्थितियां सुनिश्चित करने, किसी बच्चे को बाल श्रम से मुक्त करने आदि में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

