Movie prime

रतलाम / एक साल पुरानी चेन स्नैचिंग का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; ₹2 लाख की सोने की चेन और बाइक जप्त

 

 ​​​​​

​रतलाम,10जुलाई(इ खबर टुडे)। थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब एक साल पहले हुई झपटमारी (चेन स्नैचिंग) की वारदात का सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और करीब 2 लाख रुपये कीमत की सोने की चेन बरामद की है। इस मामले का एक आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

​पुलिस के अनुसार, घटना पिछले साल 21 अगस्त 2025 की सुबह करीब 5 बजे की है। लक्ष्मणपुरा निवासी फरियादी ज्ञान प्रकाश व्यास अपने घर से कचरा डालने चामुंडा माता मंदिर के पास गए थे। इसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात बदमाश ने उनके गले से सोने की चेन झपटी और भाग निकला। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना औद्योगिक क्षेत्र में धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

​सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से दबोचे गए आरोपी
​मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। थाना प्रभारी निरीक्षक गायत्री सोनी के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

​कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चेन झपटमारी की योजना बनाने और वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर ली।

​ये हुए गिरफ्तार, मशरूका जप्त
​पुलिस ने जिन दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनके नाम ​कुलदीप प्रजापत (28 वर्ष), निवासी सिलावटों का वास, रतलाम, ​अनिल टांक (35 वर्ष), निवासी लक्ष्मणपुरा, रतलाम है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की हीरो एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल और झपटी गई सोने की चेन (अनुमानित कीमत दो लाख) जप्त कर ली है।

​आरोपियों को गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी निरीक्षक गायत्री सोनी, सहायक उप निरीक्षक विनोद कटारा, प्रधान आरक्षक अभिषेक पाठक, नारायण सिंह जादौन, आरक्षक रवि चंदेल और रविराज सिंह पंवार की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अब फरार तीसरे आरोपी की तलाश में जुटी है।