Movie prime

दहेज प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने पिया फिनाइल: पति, देवर व देवरानी के खिलाफ प्रकरण दर्ज

 

 

 

​रतलाम, 28 सितंबर(इ खबर टुडे)। माणक चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत कुरैशी मंडी में ससुराल पक्ष द्वारा मायके से 5 लाख रुपये लाने की मांग को लेकर शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला सामने आया है। प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता ने घर में रखा फिनाइल पी लिया, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पति, देवर और देवरानी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।  

​मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता (9वीं तक पढ़ी-लिखी) का विवाह 02 मई 2013 को कुरैशी मंडी निवासी फजल कुरैशी से हुआ था। पीड़िता के तीन बेटियां और एक बेटा है। पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि निकाह के बाद से ही उसके पति फजल का व्यवहार अच्छा नहीं था। पिछले एक वर्ष से पति फजल, देवर अशफाक और देवरानी बुशरा कुरैशी उसके साथ गाली-गलौज व मारपीट करते हुए मायके से 5 लाख रुपये मंगवाने का दबाव बना रहे थे।  

​जान से मारने की दी धमकी
पीड़िता का आरोप है कि उसका देवर और देवरानी पति को भड़काते थे तथा पीड़िता को तलाक देने के लिए उकसाते थे। साथ ही यह बात किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी।  

​अस्पताल में कराया गया भर्ती
लगातार प्रताड़ना से दुखी होकर महिला ने 26 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे घर में रखा फिनाइल पी लिया। हालत बिगड़ने पर ससुर और सास उसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल ले गए। सूचना मिलने पर पीड़िता के परिजन भी अस्पताल पहुंचे।  

​इलाज के बाद स्वस्थ होने पर पीड़िता ने अपने चचेरे भाई तनवीर सोहेल और मां शमीम कुरैशी के साथ थाना माणक चौक पहुंचकर पति फजल कुरैशी, देवर अशफाक कुरैशी और देवरानी बुशरा कुरैशी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला पंजीबद्ध कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।