रतलाम पुलिस लाइन में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई शस्त्र पूजा, जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
रतलाम, 20 अक्टुम्बर (इ खबर टुडे)। विजयादशमी के पावन पर्व पर मंगलवार को रतलाम पुलिस लाइन में परंपरा के अनुसार भव्य शस्त्र पूजन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और गणमान्य जनप्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
समारोह में रतलाम ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामर, भाजपा जिला अध्यक्ष दीप उपाध्याय, महापौर प्रहलाद पटेल, पुलिस उपमहानिरीक्षक निमिष अग्रवाल, कलेक्टर अजय कटेसरिया और पुलिस अधीक्षक अमित कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनके साथ ही जिले के कई गणमान्य नागरिक और वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।
पारंपरिक विधि-विधान से हुआ पूजन
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और मां दुर्गा की आरती के साथ हुई। इस दौरान परंपरा का निर्वहन करते हुए कद्दू की प्रतीकात्मक बलि दी गई और पुलिस गार्ड द्वारा हर्ष फायर किया गया। उपस्थित अतिथियों एवं अधिकारियों ने विधि-विधान से शस्त्रों का पूजन किया।
पूजन के उपरांत सभी ने प्रसाद ग्रहण किया और एक-दूसरे को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए समाज में शांति, सुरक्षा और सद्भावना की कामना की। इसी क्रम में जिले के सभी थानों और चौकियों में भी शस्त्रों व पुलिस वाहनों का पूजन किया गया।

