Movie prime

 

धौलावड़ डेम लगभग 45 प्रतिशत ही भरा /  डेम से सिंचाई के लिए जल नहीं दिया जाए, पेयजल के लिए सुरक्षित रखें : कलेक्टर श्री कटेसरिया

 

रतलाम 21 सितम्बर (इ खबर टुडे )।  कलेक्टर अजय कटेसरिया ने साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक में निर्देश दिए कि धौलावड़ डेम से सिंचाई के लिए जल नहीं दिया जाए। धौलावड़ डेम वर्तमान में लगभग 45 प्रतिशत ही भरा है, इसलिए उपलब्ध जल को पेयजल के लिए सुरक्षित रखा जाए।

 

कलेक्टर श्री कटेसरिया ने कहा कि जिले में बारिश का दौर समाप्त हो गया है। ऐसी स्थिति में धौलावड़ डेम से गेहूं की सिंचाई के लिए जल उपलब्ध नहीं कराया जाएगा। कृषि, उद्यानिकी एवं संबंधित विभाग आसपास के किसानों को चना अथवा कम पानी वाली अन्य फसलें लेने के लिए समझाइश दें।

 

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि यदि कोई व्यक्ति डेम से पानी चोरी करने अथवा जबरदस्ती पाइप डालने का प्रयास करता है तो सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। डेम क्षेत्र में कोई पंप अथवा सिंचाई के उपकरण पाए जाने पर उन्हें तत्काल जप्त कर संबंधित के विरुद्ध प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई की जाए। इस संबंध में नगर निगम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

 

जिले में 94.35 प्रतिशत हुआ राशन वितरण, कम वितरण वाली दुकानों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश
कलेक्टर ने उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से किए जा रहे राशन वितरण की भी समीक्षा की। 21 सितम्बर 2026 की स्थिति में जिले में अगस्त एवं सितम्बर माह का कुल 94.35 प्रतिशत खाद्यान्न वितरण किया जा चुका है।

 

समीक्षा में जिले की 10 उचित मूल्य दुकानों पर अपेक्षाकृत कम खाद्यान्न वितरण पाया गया। इनमें नगर परिषद धामनोद की एक दुकान पर 6.90 प्रतिशत, नगर निगम रतलाम की दुकानों पर 18.58 प्रतिशत, 56.15 प्रतिशत, 57.61 प्रतिशत एवं 62.98 प्रतिशत, जनपद पंचायत रतलाम की दुकानों पर 28.76 प्रतिशत एवं 57.14 प्रतिशत, जनपद पंचायत बाजना में 36.07 प्रतिशत तथा जनपद पंचायत सैलाना की दुकानों पर 64.79 प्रतिशत एवं 66.19 प्रतिशत खाद्यान्न वितरण हुआ है।

 

बाजना में मेटरनिटी वार्ड शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए बाजना में मेटरनिटी वार्ड को शीघ्र प्रारंभ करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आमजन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत सहित विभिन्न विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।