Movie prime

 यु-टयूब चैनल देखा और रंगीन प्रिंटर से 500 के नोट छाप दिए, 115 नोट बरामद, दो गिरफ्तार

 

 

उज्जैन, 03 जुलाई (इ खबर टुडे / ब्रजेश परमार)। आगर-मालवा जिले के नलखेडा थाना पुलिस ने रंगीन प्रिंटर की मदद से 500 रुपये के नकली नोट छापने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे 115 नकली नोट बरामद किए हैं। आरोपियों ने अपने कथन में स्वीकारा की उन्होंने यु-टयूब चैनल पर नोट छापने का तरीका देखा था और उसके बाद रंगीन प्रिंटर,कटर लेकर आए और काम को अंजाम दे दिया। आरोपियों ने रोजमर्रा में कुछ नोट खपाना भी स्वीकार किया है।

थाना प्रभारी नागेश यादव ने बताया कि मुखबिर सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने डायल-112 की टीम के साथ मौके पर दबिश दी।नरेंद्र सिंह सौंधिया 25 वर्ष निवासी पिपल्यासेत (थाना नलखेड़ा) एवं शुभम सौंधिया 24 वर्ष निवासी गोकुल धाम कॉलोनी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 115 नकली नोट, लैपटॉप, रंगीन प्रिंटर, इन्वर्टर बैटरी एवं अन्य सामग्री जब्त की है। दोनों आरोपी पंवार कृषि सेवा केंद्र नामक दुकान में रंगीन प्रिंटर से 500-500 रुपये के नकली नोट छाप रहे थे। दुकान में रखे एक काले रंग के बैग की तलाशी लेने पर उसमें 500 रुपये के 115 नकली नोट मिले। नोटों के सीरियल नंबरों की जांच में उनके नकली होने की पुष्टि हुई। 

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने असली नोटों की सहायता से रंगीन प्रिंटर के माध्यम से नकली नोट तैयार किए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके मोबाइल फोन सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए हैं। आरोपियों ने प्रारंभिक जानकारी में बताया कि उन्होंने सब्जी वाला एवं पेट्रोल पंप पर जब नोट चलाए तो वह आसानी से ले लिए जाने पर उन्हें खपाने का तरीका मिल गया था। ऐसे में उन्होंने बडी मात्रा में नोट तैयार किए। पुलिस ने आरोपी युवकों को शुक्रवार को न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी नलखेडा के समक्ष पेश किया गया ,जहां से उनका एक दिन का पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है। थाना प्रभारी श्री यादव के अनुसार इस दौरान आरोपियों से पुलिस कब से नकली नोट तैयार किये जा रहे थे इसकी जानकारी निकालेगी और अब तक कितने नोट छापे गए हैं यह भी पूछा जाएगा।