Movie prime

 विक्रम नगर नकबजनी का शिकार हुआ इनामी बदमाश चढ़ा पुलिस के हत्थे, 1.80 लाख रुपए के जेवर बरामद

 थाना स्टेशन रोड पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मामले में अब तक 2 आरोपी गिरफ्तार, कुल 5.40 लाख रुपए का मशरूका जब्त; 3 फरार
 

 

रतलाम, 08 जुलाई (इ खबर टुडे)। जिले में चोरी और नकबजनी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में चलाई जा रही मुहिम के तहत थाना स्टेशन रोड पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने विक्रम नगर में हुई सनसनीखेज नकबजनी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 1.80 लाख कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल, राकेश पंद्रो एवं सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जितेंद्रपाल सिंह जादौन की टीम ने यह सफलता हासिल की है। बता दें कि इस मामले में पुलिस पूर्व में एक आरोपी को गिरफ्तार कर 3.60 लाख रुपए के जेवर बरामद कर चुकी है। इस तरह प्रकरण में अब तक कुल 5.40 लाख रुपए का माल जब्त किया जा चुका है।

खिड़की की जाली तोड़कर घुसे थे चोर
यह पूरी वारदात पिछले साल 23 नवंबर 2025 की रात विक्रम नगर में हुई थी। चोरों ने फरियादी के सूने कमरे की खिड़की की लोहे की जाली तोड़कर भीतर प्रवेश किया था और अलमारी में रखे सोने का हार सेट, कान के झुमके, अंगूठियां, कंगन, चेन, सिक्के, चांदी की मूर्तियां और नगदी पर हाथ साफ कर दिया था। बदमाशों ने मकान के नीचे स्थित जनसंपर्क कार्यालय और एक किरायेदार के कमरे का ताला भी चटकाया था।

विशेष टीम ने ऐसे बिछाया जाल
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी अमित कुमार ने स्टेशन रोड थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्रपाल सिंह जादौन के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया था। टीम ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर संदेही पारधी गैंग पर नजर रखनी शुरू की।

फरवरी में पकड़ाया था पहला आरोपी: पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 09 फरवरी 2026 को पहले आरोपी राधे पारधी (निवासी बजरंग नगर, रतलाम) को दबोचा था, जिसकी निशानदेही पर 3.60 लाख रुपए के आभूषण मिले थे।

अब 5 हजार रुपए का इनामी अविनाश गिरफ्तार 
मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने 05 जुलाई 2026 को घटना में शामिल 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी अविनाश पारधी पिता स्व. हिम्मत पारधी (निवासी बजरंग नगर, रतलाम) को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर 1.80 लाख रुपए के आभूषण बरामद हुए।

तीन आरोपी अब भी फरार, तलाश जारी
पुलिस के अनुसार इस वारदात में शामिल तीन अन्य आरोपी देवा पिता सुरेश पारधी, सचिन पिता भल्ला पारधी और बाला उर्फ चंदन पिता बादाम पारधी फिलहाल फरार हैं। पुलिस टीम उनकी गिरफ्तारी और शेष चोरी गए माल की बरामदगी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

इस टीम की रही सराहनीय भूमिका
इस पूरी बड़ी कार्रवाई और सफलता में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्रपाल सिंह जादौन, उपनिरीक्षक विजय बामनिया, शिवेंद्र कुमार, प्रधान आरक्षक मुकेश सिंह चौहान, एलेक्जेंडर, विक्रम सिंह, विजय मीणा तथा आरक्षक लाखन सिंह, अनिल सोलंकी एवं प्रेमसिंह की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।