रतलाम / नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोपी अतिथि शिक्षक को ग्रामीणों ने पेड़ से बांधकर पीटा, दोनों पक्षों पर मामला दर्ज
रतलाम, 06 अक्टूबर (इ खबर टुडे)। रतलाम जिले के ताल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पिपल्या तुखार से कानून हाथ में लेने और तालिबानी सजा देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शासकीय प्राथमिक स्कूल के एक अतिथि शिक्षक पर नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप लगा, जिसके बाद उग्र ग्रामीणों ने उसे पेड़ से बांधकर जमकर पीटा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले में संज्ञान लेते हुए पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत मारपीट करने वाले अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ भी केस दर्ज किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पिपल्या तुखार शासकीय प्राथमिक स्कूल में कार्यरत अतिथि शिक्षक योगेंद्र जाटव पर आरोप है कि उसने एक नाबालिग छात्रा को बहाने से अपने पास बुलाया और झोपड़ी में ले जाकर उसके साथ छेड़छाड़ की। घटना की जानकारी मिलते ही छात्रा के परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। ग्रामीणों ने शिक्षक को पकड़ लिया और रस्सी से पेड़ पर बांधकर थप्पड़ व रस्सियों से जमकर पिटाई कर दी। वीडियो में शिक्षक रोते-बिलखते हुए छोड़ने की गुहार लगाता नजर आ रहा है।
पुलिस ने दोनों पक्षों पर की कार्रवाई
नाबालिग के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक योगेंद्र जाटव के खिलाफ POCSO Act (पॉक्सो एक्ट) के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है। वहीं दूसरी ओर, शिक्षक की शिकायत पर पुलिस ने कानून हाथ में लेने और मारपीट करने वाले अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ भी केस दर्ज किया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल ने कहा "नाबालिग बच्ची के साथ शिक्षक द्वारा गलत हरकत करने की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर साक्ष्य जुटाए गए हैं। इसके अलावा, जिस तरह युवक को पेड़ से बांधकर पीटा गया और कानून हाथ में लिया गया, उस पर भी वैधानिक कार्रवाई की गई है और आरोपियों को जेल भेजा गया है। किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने या खुद सजा देने का अधिकार नहीं है। आमजन से अपील है कि किसी भी शिकायत पर पुलिस को सूचना दें, खुद कानून न चलाएं।"

