त्रिपोलिया गेट क्षेत्र में वाहन में तोड़फोड़, पीड़ित ने माणक चौक थाने में की शिकायत
रतलाम,20 नवंबर (इ खबर टुडे)। त्रिपोलिया गेट क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों द्वारा एक वाहन में तोड़फोड़ कर उसे क्षतिग्रस्त करने और नीचे गिराने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने इस संबंध में माणक चौक थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गौशाला रोड, बगीचे के पास (84) निवासी पीयूष पिता रमेशचंद्र गोयल बीते दिन गुरुवार को रात करीब 9:17 बजे किसी कार्यवश अपने ससुराल—62, भगतपुरी चौपड़ा नमकीन के पास, त्रिपोलिया गेट—गए थे। जब वे रात करीब 10:23 बजे घर से बाहर आए, तो देखा कि किसी ने उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ कर उसे क्षतिग्रस्त कर नीचे गिरा दिया था।
पीड़ित ने आज शुक्रवार को ससुराल पहुंचकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे भी जांचे, लेकिन कैमरों की रेंज कम होने के कारण घटना से जुड़ा कुछ भी स्पष्ट दिखाई नहीं दे सका। इसके बाद उन्होंने माणक चौक थाने में आवेदन प्रस्तुत कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

